मुख्यपृष्ठनए समाचारचेंबूर सिलिंडर ब्लास्ट में १० घायल... सांसद अनिल देसाई ने लिया घटनास्थल...

चेंबूर सिलिंडर ब्लास्ट में १० घायल… सांसद अनिल देसाई ने लिया घटनास्थल का जायजा

राजेश जायसवाल / मुंबई

चेंबूर इलाके में गैस सिलिंडर फटने से १० लोग बुरी तरह से घायल हो गए। घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई। यहां डॉ. सीजी गिडवानी मार्ग पर स्थित एम.एस. बिल्डिंग नं.२१ में एक महिला ने खाना बनाने के लिए गैस चूल्हा जलाया था, सिलिंडर में पहले से ही एलपीजी गैस लीक हो रही थी, ऐसे मे चूल्हा जलाते ही गैस सिलिंडर में विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद घर में भीषण आग लग गई और उसके प्रभाव से इमारत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी मिलते ही शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष के नव निर्वाचित सांसद अनिल देसाई ने घटनास्थल का दौरा किया और नागरिकों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल पीड़ितों को राहत पहुंचाने का निर्देश भी दिया। मौके पर मौजूद फायरब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि एलपीजी सिलिंडर में विस्फोट के कारण लगी। एमएफबी अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब ७.३७ बजे हुई इस घटना में १० लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं, जिनमें ४ महिलाएं और ६ पुरुष शामिल हैं। ८ घायलों को गोवंडी स्थित सरकारी अस्पताल शताब्दी में भर्ती कराया गया है, वहीं सुदाम शिरसाट (५५) को सिर और पैर में चोट पहुंची है, उन्हें सायन और एक व्यक्ति को इनलक्स अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि घायलों में दो नाबालिग हैं। सभी घायलों की हालत स्थिर है।
हादसे में ये लोग हुए घायल
ज्योत्सना लिंबाजिया (५३), पीयूष लिंबाजिया (२५), नितिन लिंबाजिया (५५), प्रीति लिंबाजिया (३४) गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि ओम लिंबाजिया (९), महक लिंबाजिया (११), अजय लिंबाजिया (३३) और पूनम लिंबाजिया (३५) को हल्की चोटें आई हैं।

अन्य समाचार