मुख्यपृष्ठनए समाचारठाणे शहर में ७६९ अवैध निर्माण ...मनपा की मिलीभगत या लापरवाही?

ठाणे शहर में ७६९ अवैध निर्माण …मनपा की मिलीभगत या लापरवाही?

-६६३ प्रभाग समिति के निरीक्षकों की डायरी में हैं दर्ज

सामना संवाददाता / मुंबई
ठाणे में अवैध निर्माणों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। मनपा की सुस्ती और लापरवाही के कारण यह बेकाबू होने लगा है। ७६९ अवैध निर्माण मनपा के रिकॉर्ड में दर्ज हैं, जिनमें से ६६३ को प्रभाग समिति के निरीक्षकों ने अपनी डायरी में नोट किया है। सवाल यह है कि अगर इनका पूरा डेटा मनपा के पास था, तो इतने बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण होने ही क्यों दिए गए?
अब सख्त कार्रवाई का दिखावा?
अब जाकर मनपा आयुक्त सौरभ राव ने सभी अवैध निर्माणों को तोड़ने के आदेश दिए हैं, लेकिन ये आदेश तब क्यों नहीं दिए गए, जब ये इमारतें बन रही थीं? मनपा को अब सफाई देने के बजाय यह बताना चाहिए कि इन निर्माणों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी?
एक रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में एक बैठक में आयुक्त ने कहा कि कोई बहाना नहीं चलेगा, सभी अवैध निर्माण तोड़ दिए जाएं। लेकिन क्या प्रशासन खुद को इस गुनाह से बचा सकता है? जब बिना मंजूरी के इमारतें बन रही थीं, तब मनपा के अधिकारी क्या कर रहे थे?
क्या दोषी अधिकारी बच जाएंगे?
आयुक्त ने सहायक आयुक्तों को खुद मौके पर मौजूद रहने और कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, लेकिन क्या यह केवल दिखावे की कार्रवाई होगी? मनपा पर पहले भी आरोप लगते रहे हैं कि अवैध निर्माण माफिया और अधिकारियों की मिलीभगत से फलते-फूलते हैं। अब सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन सिर्फ इमारतें तोड़कर अपनी जिम्मेदारी से बच जाएगा या दोषी अधिकारियों पर भी गाज गिरेगी?

अन्य समाचार