मुख्यपृष्ठसमाचारमुंबई में बढ़ रहे ‘एनिमल'!

मुंबई में बढ़ रहे ‘एनिमल’!

-९ साल में गोलीबारी की १६ घटनाएं, १७ की मौत

-वर्ष १९९९ में फायरिंग में हुई थी सबसे अधिक ९१ मौतें

-१० हजार से अधिक लोगों को दिया गया है बंदूक का लाइसेंस

सामना संवाददाता / मुंबई

फिल्म ‘एनिमल’ में हीरो बात-बात पर गन चला कर लोगों की जान ले लेता है। अब असल जिंदगी में भी ऐसी घटनाओं की वृद्धि हो रही है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष के पूर्व नगरसेवक अभिषेक घोसालकर की गोलीबारी करके हत्या कर दी गई। इसके पहले ठाणे में भाजपा विधायक ने पुलिस थाने में ही दो लोगों पर फायरिंग कर दी थी। इसके पहले भी मुंबई और ठाणे में गोलीबारी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
२०२४ की शुरुआत में ही हुई घटना
पिछले नौ सालों में मुंबई में गोलीबारी की १६ घटनाएं हुई हैं, जिसमें १७ लोगों की मौत हुई। पिछले नौ वर्षों की तुलना में साल २०१६ में मुंबई में सबसे अधिक पांच गोलीबारी की घटनाएं हुईं, जिनमें सभी पांच लोगों की मौत हो गई। इस साल यानी २०२४ में गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो चुकी है। साल २०१७ में मुंबई में फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई थी, वहीं २०१८ और १९ में गोलीबारी में क्रमश: दो और एक व्यक्ति की मौत हुई थी। वर्ष २०२० में मुंबई में कोई गोलीबारी की घटना नहीं हुई। इसके बाद वर्ष २०२१ में गोलीबारी में दो और साल २०२२ में एक व्यक्ति की मौत हुई थी, वहीं साल २०२३ में गोलीबारी की दो घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
९० का दशक रक्तरंजित
सबसे अधिक ९० का दशक रक्तरंजित रहा, जब मुंबई में गैंगवॉर छिड़ गया था। १९९९ में मुंबई में गोलीबारी में सबसे ज्यादा ९१ लोगों की मौत हुई थी।
बंदूक लाइसेंस की होगी समीक्षा
गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि राज्य में बंदूक लाइसेंस की समीक्षा होगी। मुंबई में लगभग १०,००० आग्नेयास्त्र लाइसेंस जारी किए गए हैं। प्रदेश के अन्य जिलों में दो से तीन हजार असलहा लाइसेंस बांटे गए हैं। मुंबई पुलिस द्वारा नियमित रूप से उनकी समीक्षा की जाती है।

अन्य समाचार