मुख्यपृष्ठस्तंभसलमान हैं लॉरेंस का अगला टारगेट विभिन्न राज्यों में ३०० गुर्गे एक्टिव

सलमान हैं लॉरेंस का अगला टारगेट विभिन्न राज्यों में ३०० गुर्गे एक्टिव

इनसाइड स्टोरी
एसपी यादव

एक ओर जहां महाराष्ट्र में गुंडाराज पर सवाल उठ रहे हैं वहीं दूसरी ओर राजस्थान से आई एक खबर ने मुंबई पुलिस का टेंशन और बढ़ा दिया है। दरअसल कुख्यात गैंगस्टर संपत नेहरा ने राजस्थान पुलिस को बताया है कि अभिनेता सलमान खान की हत्या करने के लिए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने पूरी तैयारी कर ली है। संपत नेहरा ने कहा है कि लॉरेंस बिनोई के कई शूटर महाराष्ट्र के ठाणे, पुणे जैसे शहरों में एक्टिव हैं। मिली जानकारी के अनुसार, हाल ही में राजस्थान के चूरू शहर के एक कारोबारी से वीडियो कॉल के जरिए करोड़ों की रंगदारी मांगी गई। मामले की जांच-पड़ताल करने पर राजस्थान पुलिस ने इसमें गैंगस्टर संपत नेहरा की संलिप्तता पाई। रंगदारी मांगने के आरोप में पंजाब की भटिंडा हाई सिक्योरिटी जेल से पूछताछ के लिए चूरू लाए गए गैंगस्टर संपत नेहरा ने कई राज उगले हैं। पुलिस व एसओजी की टीम की पूछताछ में उसने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अंतर्राष्ट्रीय संबंधों की जानकारी दी है।

जेल में सवा लाख के जूते पहनता है गैंगस्टर

पुलिस जब गैंगस्टर संपत नेहरा को जेल से लाने के लिए गई तो अवाक रह गई क्योंकि उसने जेल में सवा लाख रुपए के महंगे जूते और ब्रांडेड कपड़े पहन रखे थे। फिलहाल राजस्थान पुलिस ने पूछताछ के बाद संपत नेहरा को वापस भटिंडा जेल भेज दिया है। कुछ दिनों पहले जयपुर में करणी सेना चीफ सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या में भी संपत नेहरा का नाम सामने आया था।

जेल में रहकर करवाए ५० मर्डर

मिली जानकारी के अनुसार संपत नेहरा ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने अपने गुर्गों के जरिए रंगदारी व आपसी रंजिश को लेकर जेल से करीब ५० हत्याएं करवाई हैं। वर्तमान में उसकी गैंग में कई शहरों में करीब ३०० गुर्गे शामिल हैं, जो उसके इशारे पर काम कर रहे हैं।

पाकिस्तान में तीन मर्डर करवाए

गैंगस्टर नेहरा ने बताया कि लॉरेंस के कहने पर ही उसने पाकिस्तान में तीन लोगों की हत्या करवाई थी। इसके अलावा यूपी के डॉन अतीक अहमद व उसके भाई की हत्या में भी गिरोह की ओर से हथियार पहुंचाने की बात कही है, लेकिन इस मामले की जांच में यूपी पुलिस के सामने लॉरेंस का कनेक्शन सामने नहीं आया है। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या को लेकर संपत नेहरा ने बताया कि मूसेवाला की हत्या के लिए लॉरेंस के कहने पर उसने खुद के कई गुर्गों को भेजा था। संपत नेहरा ने बताया कि रोहित गोदारा से भी उसका संपर्क है।

कौन है संपत नेहरा?

संपत नेहरा लॉरेंस बिश्नोई का शार्प शूटर है। चंडीगढ़ के डीएवी कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात लॉरेंस बिश्नोई से हुई। संपत पर लगभग ६५ आपराधिक मामले दर्ज हैं। २०१० के दशक में इस बदमाश का हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में बड़ा खौफ था। यहां तक कि बॉलीवुड भी इस बदमाश के खौफ से कांपता था। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के राइट हैंड संपत नेहरा ने साल २०१८ में एक्टर सलमान खान की सुपारी ली थी।

 

अन्य समाचार