मुख्यपृष्ठनए समाचारजरांगे की हालत बिगड़ी! अगर हुई मौत तो... जरांगे ने दी चेतावनी!

जरांगे की हालत बिगड़ी! अगर हुई मौत तो… जरांगे ने दी चेतावनी!

सामना संवाददाता / मुंबई
मराठा आरक्षण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन कर रहे मराठा नेता मनोज जरांगे ने राज्य सरकार को कल चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि यदि भूख हड़ताल के दौरान उनकी मौत हो जाती है तो मराठा समुदाय के सदस्य महाराष्ट्र को उसी तरह आग लगा देंगे, जैसे हनुमान ने लंका जलाई थी। जरांगे के एक नजदीकी कार्यकर्ता ने बताया कि जरांगे का अनिश्चितकालीन अनशन पांच दिन से जारी रहने के कारण उनका स्वास्थ्य खराब हो रहा है, लेकिन वह डॉक्टरों को अपनी जांच नहीं करने दे रहे। जरांगे मराठा समुदाय को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समूह में शामिल करने की मांग को लेकर महाराष्ट्र के जालना जिले में अपने पैतृक गांव अंतरवाली सरती में अनिश्चितकालीन अनशन कर रहे हैं। कार्यकर्ता किशोर मरकड ने जरांगे के स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में कहा, ‘जरांगे का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। उनकी नाक से खून बह रहा है, लेकिन वह चिकित्सकों को अपनी जांच नहीं करने दे रहे।’
बिगड़ रही जरांगे की हालत
किशोर ने कहा कि वह न तो पानी पी रहे हैं और न ही दवाएं ले रहे हैं। जरांगे ने मांग की है कि कुणबी मराठा समुदाय के ‘सगे-संबंधियों’ से जुड़ी मसौदा अधिसूचना को कानून में बदलने के लिए महाराष्ट्र विधानमंडल का एक विशेष सत्र बुलाया जाए। उन्होंने यह भी धमकी दी कि महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोई भी सार्वजनिक सभा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने मराठा समुदाय के सदस्यों से बुधवार को जालना में मराठा संगठनों द्वारा बुलाए गए शांतिपूर्ण ‘बंद’ में शामिल होने की अपील की।
लगाया धोखा देने का आरोप
जरांगे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार पर मराठा समाज को धोखा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि ‘सगे-संबंधियों’ से जुड़ी मसौदा अधिसूचना को लागू न करके और पिछले साल आंदोलन के दौरान मराठा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दायर मामलों को वापस न लेकर के इन्होंने मराठा समुदाय को धोखा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अजीत पवार मंत्री छगन भुजबल का समर्थन कर रहे हैं, जबकि भुजबल मराठा समुदाय को ओबीसी श्रेणी में शामिल करने के खिलाफ हैं।

अन्य समाचार