मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिसुरेश मिश्र को साने गुरुजी राष्ट्रीय एकता जीवन गौरव पुरस्कार

सुरेश मिश्र को साने गुरुजी राष्ट्रीय एकता जीवन गौरव पुरस्कार

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के द्वारा प्रतिवर्ष दिये जाने वाले पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। इसी के तहत साहित्य सेवा के प्रति समर्पण के लिए हास्य कवि सुरेशचंद्र मिश्र को इस वर्ष का साने गुरुजी राष्ट्रीय एकता जीवन गौरव पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। इसके तहत इक्यावन हजार रुपए, स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। शीघ्र ही सम्मान समारोह की तारीख घोषित की जाएगी। सुरेश मिश्र की तीन दशकों से हिंदी की समर्पित भाव से सेवा करने के कारण यह पुरस्कार दिया जा रहा है। उनकी दो-दो कविताएं महाराष्ट्र शिक्षा बोर्ड पुणे के पाठ्यक्रम में शामिल की गई है। कक्षा नौवीं में नदी की पुकार और कक्षा छठवीं में मां-बाप से बढ़कर कोई भगवान नहीं है।

जय मां दुर्गे, वीर शिवाजी, संकल्प, ज्योति जलायें, प्रदूषण है खर-दूषण, सावनी बयार जैसी तमाम पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उन्हें पं.दीनदयाल पुरस्कार, पं. वंशनारायण स्मृति आदर्श शिक्षक पुरस्कार, महापौर आदर्श शिक्षक पुरस्कार, संत तुलसीदास पुरस्कार, समाज रत्न सम्मान, आचार्य द्रोणाचार्य पुरस्कार, मंच सारथी सम्मान, विशिष्ट पत्रकारिता सम्मान, महाकवि भूषण सम्मान, शिक्षक रत्न पुरस्कार जैसे दर्जनों पुरस्कार मिल चुके हैं। हास्य कवि सुरेश मिश्र अब तक दर्जनों टीवी चैनलों और आकाशवाणी से दर्जनों बार काव्यपाठ कर चुके हैं। एक बड़े दैनिक अखबार में पिछले पच्चीस वर्षों से प्रतिदिन एक कविता प्रकाशित होने का रिकॉर्ड भी इनके नाम है। उन्होंने ‘पापा तुम कहां हो’ में अभिनय भी किया है। देश भर की तमाम पत्र-पत्रिकाओं में हजारों कविताएं भी प्रकाशित हो चुकी हैं। पर्यावरण पर सैकड़ों कविताएं लिखी हैं। अकादमी द्वारा पुरस्कार घोषित होते ही बधाइयों का तांता लगा हुआ है।

अन्य समाचार