मुख्यपृष्ठसमाचारयोगी का पड़ोसी जिला बना क्राइम हब!

योगी का पड़ोसी जिला बना क्राइम हब!

-सुभासपा प्रदेश महासचिव की दिनदहाड़े हत्या

-जमीनी विवाद के कारण वारदात को दिया गया अंजाम

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

उत्तर प्रदेश में अपराध को खत्म करने का दावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करते रहते हैं। हालांकि, इसके उलट हो रहा है। संपूर्ण राज्य की बात तो दूर योगी के जिले और पड़ोसी जिले क्राइम हब बनते जा रहे हैं। जौनपुर में भाजपा जिला मंत्री प्रमोद यादव की दिनदहाड़े हत्या की अभी आग ठंडी भी नहीं हो पाई थी कि रविवार को संत कबीर नगर जिले की कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े सुभासपा की प्रदेश सचिव की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक घटना की वजह जमीनी विवाद बताई जा रही है। इसमें नंदनी राजभर ससुराल वाले पक्ष से मुकदमे की अगुवाई कर रही थी, जिससे खार खाए दबंगों ने घटना को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीघा गांव में सुभासपा नेता नंदनी राजभर अपने परिवार के साथ रहती थीं। इस वारदात के समय शोर-शराबे को सुनकर मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। इसके बाद पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस सभी बिंदुओं की जांच कर रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक नेता नंदनी राजभर ससुराल पक्ष से मुकदमे की पैरवी कर रही थीं। कुछ दिन पूर्व उसके ससुर की भी हत्या कर दी गई थी, जिसको लेकर नंदनी राजभर मुकदमा लड़ रही थीं। इसी को लेकर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। एसपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुल के पास मिला युवक का शव
सिद्धार्थनगर से अपहृत एक युवक की लाश संत कबीर नगर के बेलहर थाना क्षेत्र के राजघाट पुल के पास बरामद हुई। बेलहर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में बेलहर थाना क्षेत्र के मीरापुर के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, पुल के नीचे बूधा नाले के पास एक युवक का शव बरामद हुआ। उसकी पहचान रोहित लोधी (२२) पुत्र तुलसी राम के रूप में हुई। रोहित के पिता तुलसी राम ने बताया कि रामतौल पुत्र बलिराम व अन्य साथी उसके बेटे रोहित को शनिवार देर शाम जबरन पकड़ लाए। इस बात की जानकारी खेसरहा थाना पुलिस को दी गई थी। पुलिस युवक की तलाश करती रही। रविवार सुबह शव बेलहर थाना क्षेत्र राजघाट बूधा नदी के पास उसका शव मिला।
प्रेमी ने प्रेमिका को मारी गोली
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर से सटे जिले संतकबीरनगर जिले में कुछ दिन पूर्व एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को गोली मार कर गोरखपुर के अस्पताल में भर्ती करवाकर युवती के परिजनों को उसकी जानकारी दी थी। ऐसा लगता है कि जिले में अपराधियों का राज चल रहा है।

अन्य समाचार