-पाकिस्तान सैन्य तौर पर अभी भी है मजबूत…सीडीएस चौहान ने जताई चिंता
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
भारतीय सेना `भारत शक्ति’ नाम से अंतर्राष्ट्रीय सीमा के नजदीक पोखरण में सैन्य अभ्यास कर रही है। इसकी शुरुआत के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र भी मौजूद रहे। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भारत के पास मजबूत सैन्यबल होने का दावा करते फिरते हैं। इसी बीच सीडीएस अनिल चौहान ने चौंकाने वाली बात कही है। उन्होंने चीन और पाकिस्तान गठजोड़ पर चिंता व्यक्त की है। हमारे पास अपनी सीमाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद होने के बावजूद पाकिस्तानी सैन्यबल हमसे मजबूत है, जो भारत के लिए खतरा है।
सीडीएस ने सेना के सामने जो सबसे बड़ी एक और चुनौती बताई वो है लड़ाई की बदलती परिभाषा। उन्होंने कहा कि हमें नए हथियारों, तकनीक और रणनीति की जरूरत है, साथ ही संगठन के स्तर पर भी बड़े बदलाव करने पड़ेंगे। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ अनिल चौहान ने शनिवार को एक कार्यक्रम में कहा कि पाकिस्तान भले ही आर्थिक रूप से कमजोर चल रहा है, लेकिन अभी भी पाकिस्तान हमारे लिए खतरा है। साथ ही सीडीएस ने चीन और पाकिस्तान के गठजोड़ को लेकर भी चिंता जाहिर की।
चीन और पाकिस्तान परमाणु संपन्न
दरअसल, कार्यक्रम के दौरान सीडीएस अनिल चौहान से पूछा गया था कि २१वीं सदी में भारत के सामने सबसे बड़ी सुरक्षा चुनौती क्या है? इसके जवाब में सीडीएस ने कहा कि जहां तक सुरक्षाबलों की बात है, तो हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती चीन का उभार और चीन के साथ जारी सीमा विवाद है। हमारे दो पड़ोसी हैं, जिनके साथ हमारे मतभेद हैं। दोनों की गहरी दोस्ती है और दोनों देश हिमालय से ऊंची और समुद्र से गहरी दोस्ती का दावा करते हैं और दोनों परमाणु शक्ति संपन्न देश भी हैं। सीडीएस ने सेना के सामने जो सबसे बड़ी एक और चुनौती बताई वो है लड़ाई की बदलती परिभाषा। उन्होंने कहा कि हमें नए हथियारों, तकनीक और रणनीति की जरूरत है, साथ ही संगठन के स्तर पर भी बड़े बदलाव करने पड़ेंगे। चुनौती ये है कि हमें समय पर सही दिशा में सही कदम उठाने होंगे।
आर्थिक रूप से कमजोर पाक
कार्यक्रम में `विजन नेशनल सिक्योरिटी: भारतीय सेना के सामने चुनौतियां’ मुद्दे पर चर्चा के दौरान सीडीएस से पूछा गया कि क्या आर्थिक रूप से कमजोर पाकिस्तान अभी भी भारत के लिए खतरा है? इसके जवाब में सीडीएस अनिल चौहान ने कहा, `पाकिस्तान भले ही आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है और राजनीतिक रूस से भी अस्थिर है, लेकिन सैन्य तौर पर उनकी क्षमताओं के बारे में हमें कोई शक नहीं है। हमें इसके लिए विरोधी देश को पूरे अंक भी देने चाहिए। उन्होंने अपने आप को काफी मजबूत किया है। ऐसे में पाकिस्तान अभी भी भारत के लिए खतरा बना हुआ है। हालांकि, लंबी लड़ाई लड़ने की उनके सामने चुनौती है, लेकिन अभी भी वह हमारे लिए खतरा है।’