मुख्यपृष्ठसमाचारआशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि कहां गई?

आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि कहां गई?

-पेपर में दर्ज है नाम, ६ माह से नहीं मिली राशि

सामना संवाददाता / उज्जैन

केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ जन जन तक पहुंचाने के लिए जिले की लगभग २,००० आशा कार्यकर्ताएं जी-तोड़ मेहनत करती हैं। उन्हें कुछ राशि भुगतान की जाती है। जिले की आशा कार्यकर्ताओं के साथ खेल हो गया है। उनको ६ महीने से राशि नहीं मिली है, जबकि उनके नाम से राशि जारी हो गई है। अब आशा कार्यकर्ताएं सवाल उठा रही हैं कि आखिर हमारी राशि कहां गई?
बता दें कि आशा कार्यकर्ताओं को सरकार की सरकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से प्रति माह २,००० और राज्य सरकार की ओर से प्रतिमाह ४,००० की राशि मिलती है। साथ ही आशा कार्यकर्ता और भी बेहतर तरीके से कार्य करें, इसीलिए इन्हें डिलिवरी करवाने पर १,२००, विवाह पंजीयन पर २०० गर्भवती की आयरन की जांच करवाने पर ८००, एचबीवीसी की जांच करवाने पर ५०, गर्भवती का पंजीयन करवाने पर २०० और बच्चे की देखभाल करने पर ५०० रुपए के साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की ५४ योजनाओं का लाभ दिलवाने पर प्रोत्साहन राशि प्राप्त होती है।
अब उज्जैन में इस राशि को लेकर दो पत्र वायरल हो रहे हैं, जिसमें बताया गया है कि वर्ष २०२३-२०२४ में सभी आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि वेबसाइट पर अपडेट कर दी गई है, लेकिन वर्तमान स्थिति यह है कि आशा कार्यकर्ताओं के खाते में लगभग ६ माह से यह राशि पहुंची ही नहीं है। वायरल हो रहे कागजों में आशा कार्यकर्ताओं के इंसेंटिव अमाउंट की पूरी डिटेल होने और खाते में कोई भी राशि न मिलने से आशा कार्यकर्ता खुद कुछ समझ नहीं पा रही हैं। इस मामले में कुछ आशा कार्यकर्ताओं ने एनआरएचएम की बीसीएम हिना खान और अकाउंटेंट मनीष शर्मा से भी संपर्क किया है। इन जिम्मेदारों द्वारा उन्हें सिर्फ वेबसाइट अपडेट करने की बात कही तो गई है, लेकिन यह नहीं बताया गया कि यह राशि उनके खातों में क्यों नहीं आ पा रही है।

अन्य समाचार