मुख्यपृष्ठनए समाचारक्या मोदी दे सकते हैं पारदर्शी चुनाव की गारंटी? ... संजय राऊत...

क्या मोदी दे सकते हैं पारदर्शी चुनाव की गारंटी? … संजय राऊत का सीधा सवाल

सामना संवाददाता / मुंबई
कुछ समय से प्रधानमंत्री मोदी हर बात में गारंटी दे रहे हैं। चुनाव आयोग ने कल देश में लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया। अब देश में चुनाव होंगे। ऐसे में यह चुनाव पारदर्शी होगा, क्या मोदी गारंटी दे सकते हैं? इस तरह का सीधा सवाल शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष के नेता व सांसद संजय राऊत ने किया है।
मीडिया से बात करते हुए सांसद संजय राऊत ने कहा कि चुनाव घोषित हो गया है। अब हम सभी चुनाव का सामना करेंगे। इसके तहत हम महाराष्ट्र और देश में परिवर्तन लाने के लिए कमर कस चुके हैं। हम देश की स्वतंत्रता और लोकतंत्र को बचाने के संकल्प को पूरा करेंगे। हालांकि, चुनाव आयोग की कार्यशैली पर संदेह उपस्थित हो रहा है। लोगों के मन में संदेह है कि चुनाव आयोग इस समय सत्ताधारियों के दबाव में काम कर रहा है। चुनाव इस तरह से होना चाहिए कि लोगों के मन में जो शंकाएं हैं, वे दूर हो जाएं। निष्पक्ष तरीके से चुनाव होने चाहिए। कानून व्यवस्था, धन की बर्बादी और शासकों के हस्तक्षेप पर अलग से नियंत्रण रखना आवश्यक है।
देश में लोकतंत्र रहेगा या नहीं तय करेगा चुनाव
संजय राऊत ने कहा कि जिस समय टी.एन. शेषन चुनाव आयुक्त थे, उस समय लोगों का मानना था कि चुनाव में कोई घोटाला या चोरी नहीं होगी। आज लोग इसे लेकर संशय में हैं। भले ही चुनाव आयोग ने तारीखों का एलान कर दिया है। अब यह दिखाने की आपकी जिम्मेदारी है कि आप निष्पक्ष हैं। ऐसा चुनाव कराओ। पूरी दुनिया हमारे लोकतंत्र को एक विशेष नजरिए से देख रही है। संजय राऊत ने कहा कि ये चुनाव
तय करेंगे कि इस देश में लोकतंत्र रहेगा या नहीं।
ईवीएम पर नहीं है विश्वास
मोदी और चुनाव आयोग एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। यह पिछले कुछ वर्षों में उनके निर्णयों और भूमिकाओं से स्पष्ट है। लोगों को ईवीएम पर भरोसा नहीं है, फिर भी हम उसी तरह से चुनाव का सामना कर रहे हैं। संजय राऊत ने कहा कि मोदी को गारंटी देनी चाहिए कि वे चुनाव को पारदर्शी बनाने जा रहे हैं या कठपुतली की तरह काम कर रही अन्य एजेंसियों की तरह चुनाव आयोग से भी काम कराया जाएगा।
महाविकास आघाड़ी में ऑल इज वेल
महाविकास आघाड़ी में सीटों के बंटवारे के बारे में पूछे जाने पर संजय राऊत ने कहा कि आघाड़ी में सब ऑल इज वेल है। हमारी सीट बंटवारे की सूची तैयार है। कुछ सहयोगी सीटों पर पैâसला होना है। हम उसका इंतजार कर रहे हैं। राहुल गांधी कल मुंबई में बैठक करेंगे। उस बैठक में उद्धव ठाकरे शामिल होंगे।
संविधान से छेड़छाड़ करनेवालों के
खिलाफ लड़ें प्रकाश आंबेडकर
संजय राऊत ने कहा कि हमारी इच्छा है कि वंचित बहुजन आघाड़ी को महाविकास आघाड़ी के साथ चुनाव लड़ना चाहिए। हमने उन्हें चार सीटों का प्रस्ताव दिया है। उन्हें जो सीटें हमने दी हैं, वह उनकी सूची में दी गई हैं। संजय राऊत ने कहा कि महाराष्ट्र में वोटों का बंटवारा नहीं होना चाहिए। अगर कोई बाबासाहेब के संविधान से छेड़छाड़ करेगा, तो प्रकाश आंबेडकर को उसकी लड़ाई का नेतृत्व करना चाहिए। हम उनके साथ हैं।
आलोचकों को समझना चाहिए इतिहास
ठाकरे के होम ग्राउंड यानी शिवतीर्थ पर राहुल गांधी की सभा हो रही है। सत्ताधारी इस वक्त इसकी आलोचना कर रहे हैं। इस बारे में पूछे जाने पर संजय राऊत ने कहा कि इंदिरा गांधी का स्वागत खुद बालासाहेब ठाकरे ने किया है, इसलिए जो लोग हमारी आलोचना करते हैं उन्हें इतिहास याद करना चाहिए, पहले राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा निकाली, अब उन्होंने भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली। एक युवा नेता इस देश की जनता को जगाने का काम कर रहा है। इस दौर में मोदी सरकार के अन्याय, भ्रष्टाचार के कपड़े उतार रहा है।

 

अन्य समाचार