मुख्यपृष्ठनए समाचारसंपादकीय : खुल गई भाजपा की लंगोटी!

संपादकीय : खुल गई भाजपा की लंगोटी!

भारत जोड़ो न्याय यात्रा का समापन मुंबई के धारावी में हुआ। इस मौके पर राहुल गांधी ने मुंबई में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। इस शक्ति प्रदर्शन से भाजपा और उसके गुलाम गुटों की पुतलियां बाहर आ गर्इं। रविवार को मुंबई में लोकसभा चुनाव प्रचार का बिगुल फूंका गया और शिवतीर्थ में ‘इंडिया’ गठबंधन की विराट सभा भी हुई। बैठक में देशभर के प्रमुख नेता शामिल हुए। महत्वपूर्ण बात यह है कि देश में बदलाव की शुरुआत महाराष्ट्र और खासकर मुंबई से हुई। १९४२ में अंग्रेजों को मुंबई से ‘चले जाओ’ की चेतावनी दी गई थी। ८ अगस्त, १९४२ को मुंबई के ग्वालिया टैंक मैदान में लाखों की भीड़ जमा हुई और वहीं आजादी से पहले के आखिरी बड़े संघर्ष ‘चले जाओ’ की घोषणा की गई। रविवार को लगभग ऐसी ही दहाड़ शिवतीर्थ से सुनाई दी। देश में ब्रिटिश शासन से भी भयानक तानाशाही मोदी राज में चल रही है और मुंबई में एक सभा कर उन्हें ‘चले जाओ’ की चेतावनी दी गई। उसी बैठक में ‘अबकी बार, भाजपा तड़ीपार’ का बुलंद आह्वान किया गया। इस मौके पर ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने जोरदार भाषण दिए। इस सभा से लोगों में भी ऊर्जा का संचार हुआ। नतीजा यह है कि मोदी कहते हैं इस बार हम ३७० जीतेंगे, लेकिन अमित शाह ने अब कहा कि हम ३०० जीतेंगे। यानी मुंबई की एक सभा से तानाशाहों की ७० सीटें कम हो गर्इं। जैसे-जैसे ‘इंडिया’ का तूफान बढ़ता जाएगा, भाजपा की संख्या कम होती चली जाएगी। राहुल गांधी यानी कांग्रेस के साथ शिवतीर्थ पर हुई सभा के न्याय मंच पर उद्धव ठाकरे की उपस्थिति से भाजपा व उनके गुलाम गुटों के पेट में विकार शुरू हो गया। क्या ठाकरे को कांग्रेस के साथ मंच पर जाना शोभा देता है? उन्होंने ऐसी बकवास की। जिस भाजपा ने खुद की चड्ढी उतारकर कांग्रेस की लंगोटी बांध ली है उन्हें शिवसेना के कांग्रेस के मंच पर जाने पर दुख व्यक्त करना यह आश्चर्य ही है। असल में भाजपा ने खुद को ‘कांग्रेस’ बना लिया है। भाजपा अपना चेहरा और अस्तित्व खो चुकी है। भाजपा में इतने कांग्रेसी घुस गए हैं कि अगर वे सभी कांग्रेसी ठान लें तो एक ही रात में भाजपा की दुकान बंद हो जाएगी। फिर सभी कलंकित चेहरों को फिलहाल भाजपा की वॉशिंग मशीन में धोकर ‘साफ’ किया जा रहा है और उन सभी के लिए भाजपा के दरवाजे खोले जा रहे हैं। भाजपा अपने स्वार्थ के लिए ऐसी मंडली के सामने शरणागत हो गई है। आजादी के समय इन्हीं लोगों ने अंग्रेजों के सामने शरणागत होकर सम्मान प्राप्त किया था। जब कुछ लोग अंग्रेजों के ‘मुखबिर’ यानी खबरी के रूप में काम कर रहे थे, कांग्रेस स्वतंत्रता संग्राम में संघर्ष कर रही थी। आज देश और महाराष्ट्र में उन्हीं खबरीलालों यानी बेईमानों का राज है। शिवसेना कांग्रेस के साथ महाविकास गठबंधन में है और ‘इंडिया’ गुट में है, लेकिन भाजपा की बेईमान राजनीति के कारण शिवसेना को यह पथ स्वीकार करना पड़ा। भाजपा आज भ्रष्ट और बेईमान लोगों का झुंड बन गई है। यह अच्छा ही हुआ कि उस भ्रष्ट झुंड से शिवसेना बाहर निकल गई और शिवसेना के दो भाग के बावजूद मूल शिवसेना अधिक तेजी से आगे बढ़ रही है। कांग्रेस ने शिवसेना के साथ बेईमानी नहीं की, लेकिन २५ साल तक साथ रहनेवाली भाजपा ने शिवसेना के साथ बेईमानी की है। इसलिए भाजपा के बावनकुलों को बेवजह हंगामा नहीं करना चाहिए। मैं शिवसेना को कांग्रेस नहीं होने दूंगा, शिवसेनाप्रमुख का यह वक्तव्य था और उसकी याद आज बावनकुले दिला रहे हैं। लेकिन उस वक्त उनके कहने का तात्पर्य यह था कि उस समय के कांग्रेस दल की अव्यवस्था वे शिवसेना में नहीं आने देंगे, लेकिन आज भाजपा ने खुद को ‘कांग्रेस’ बना लिया है, उसका क्या? कमलाबाई ने भ्रष्टाचार स्वीकार कर लिया और उस अराजकता से शिवसेना बाहर आ गई। अब ये अराजकता लोगों को हमेशा के लिए खत्म करनी है। भाजपा का राहुल गांधी और उद्धव ठाकरे से डरना स्वाभाविक है। दोनों नेताओं को भारी जनसमर्थन मिल रहा है। उन्हें किराए के लोगों को लाकर भीड़ इकट्ठा करने की जरूरत नहीं पड़ती। प्रधानमंत्री मोदी ने हिंसा प्रभावित मणिपुर का दौरा नहीं किया, लेकिन राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मणिपुर से शुरू होकर मुंबई पहुंची। मुंबई ने राहुल गांधी का स्वागत किया। उस वक्त शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे ने भी इंदिरा गांधी का स्वागत ही किया था, लेकिन तब भाजपा और बावनकुलों का जन्म होना बाकी था। राहुल गांधी ने निश्चित तौर पर देशभर का माहौल जिंदा कर दिया है। वह मुंबई में बहार ले आए। मुंबई में इंडिया गठबंधन ने युद्ध का शंखनाद कर दिया है। भाजपा ने कांग्रेस की ही लंगोटी बांध रखी थी इसलिए शंखनाद होते ही उनकी लंगोटी खुल गई। अब उसका क्या करें? भाजपा की हालत उस दीपक की तरह हो गई है जो बुझते-बुझते बड़ा हो जाता है। भाजपा को अपनी कांग्रेजी लंगोटी की फिक्र करनी चाहिए। व्यर्थ का प्रपंच न करे।

अन्य समाचार