मुख्यपृष्ठनए समाचारहोली के रंग में महंगाई ने डाला भंग! ...अबीर से लेकर पिचकारी,...

होली के रंग में महंगाई ने डाला भंग! …अबीर से लेकर पिचकारी, सबकुछ हुआ महंगा

योगेंद्र सिंह ठाकुर / पालघर
रंगों का त्योहार होली नजदीक आते ही समूचे देश का बाजार रंग-गुलाल और पिचकारियों से सज गया है। दुकानदार छोटा हो या व्यापारी, सभी त्योहारी खरीदारी को लेकर उत्साहित हैं। खास से लेकर आम आदमी तक होली के रंग में रंगने को तैयार है। लेकिन पिछले साल की ही तरह इस बार भी होली के रंग में महंगाई ने भंग डाल दिया है। अबीर से लेकर पिचकारी तक महंगाई ने सभी पर डाका डाला है। यही वजह है कि होली के त्योहारी रंग पर इस बार महंगाई का रंग चढ़ गया है। फिर चाहे वह रंग गुलाल हो या फिर खाने-पीने की सामग्री। खाद्य सामग्री के बढ़ते दाम एवं महंगाई के कारण होली के उत्साह पर असर देखा गया। सरसों का तेल, घी, रिफाइन सहित रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ने से मध्य व निम्न वर्गीय लोगों की परेशानी बढ़ी है। इससे होली पर इस बार लोगों को पकवान बनाने के लिए जेब और ढीली करनी पड़ रही है। खाद्य पदार्थों के दाम में लगभग १० फीसदी उछाल आया है। बेसन के दाम बढ़कर ११० रुपए प्रति किलो हो गए हैं। तेल व डालडा के दाम भी बढ़े हैं। महंगाई की मार के चलते लोग अपने सामर्थ्य के अनुसार सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। मैदा भी ४५ रुपए प्रति किलो बिक रहा है। पालघर जिले में रंगों का पर्व होली उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन घरों में गुजिया, सेव, दही बड़ा, पकौड़ा समेत अन्य पकवान बनाए जाते हैं। इसके लिए खाद्य सामग्री मैदा, तेल, चीनी, भूरा के साथ ही मूंग की दाल की जरूरत होती है। वस्तुओं के बढ़े दाम लोगों की जेब पर असर डाल रहे हैं।

अन्य समाचार