-रायबरेली से लड़ सकती हैं प्रियंका!
मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
रायबरेली से निर्वाचित कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र में पहुंच कर रायबरेली व अमेठी की जनता को धन्यवाद ज्ञापित किया। तीखे शब्दों से लैस राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से कैसे भी जान बचाकर भागकर आए हैं। वो वहां से हारते-हारते बचे हैं। मैं अपनी बहन से कहता रहा हूं कि यदि वह वहां से लड़ जातीं तो पीएम दो-ढाई लाख वोटो से हार जाते। उनकी इस बात पर पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। लगे हाथ फैजाबाद सीट पर हारने पर भी राहुल गांधी ने भाजपा की चुटकी ली। उन्होंने कहा कि ये अध्योध्या की सीट हार गए हैं। इसके मतलब साफ है। मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में अरबपति लोग बुलाए गए, पूरा बॉलीवुड आया। अंबानी और अडानी आए, लेकिन एक गरीब व्यक्ति को वहां आमंत्रित नहीं किया गया। इसके जवाब उस क्षेत्र की जनता ने दिया है। जनता ने अपना महत्व बताया है। राहुल गांधी ने कहा कि आपने देखा होगा कि इस बार मोदी ने संविधान को हाथों से उठाकर माथे पर लगाया है। आपने अपनी ताकत का एहसास उन्हें करा दिया है। यह इशारा दे दिया है कि वह संविधान को जरा सा भी छुएंगे तो जनता उनके साथ क्या करेगी। राहुल गांधी ने यह बात इसलिए कही, क्योंकि इस बार पीएम मोदी के जीतने का अंतर पिछले दो चुनावों की तुलना में काफी कम हो गया। पीएम मोदी वाराणसी सीट से करीब डेढ़ लाख वोटों से जीते हैं। मतगणना के दिन वह कुछ दिन कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय से पीछे भी चल रहे थे। वाराणसी में पीएम मोदी की जीत का मार्जिन कम होने पर बीजेपी आलाकमान भी स्थानीय नेताओं से नाराज हैं।
राहुल अपना भाषण खत्म करके स्टेज पर गए। नेताओं का हाथ पकड़कर अभिवादन किया। प्रियंका को गले लगाया। इसके बाद वह माइक की तरफ फिर से बढ़ गए। माइक पकड़कर राहुल ने कहाकि मैं इस जीत के लिए बहन प्रियंका को शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। राहुल गांधी ने कहा कि प्रियंका ने रायबरेली और अमेठी में अपनी जान लगा दी। वह सिर्फ दो-दो घंटे सोकर काम करती रहीं। उनका मैं विशेष रूप से धन्यवाद करना चाहता हूं। इसके बाद राहुल ने मुस्कुराते हुए कहा कि प्रियंका के लिए उनके पास एक आइडिया है, जिसे वह बाद में आपसे शेयर करेंगे। उनकी इस बात के अब राजनीतिक मायने तलाशे जा रहे हैं। राजनीतिक में ऐसे कयास लगने शुरू हो गए हैं कि क्या प्रियंका के लिए वह रायबरेली सीट को छोड़ने जा रहे हैं या वह यूपी में प्रियंका को कोई बड़ी जिम्मेदारी देने जा रहे हैं। बता दें कि राहुल गांधी रायबरेली सीट रखेंगे या वायनाड यह अभी रहस्य ही बना हुआ है। दोनों सीटों पर राहुल गांधी बड़े अंतर से जीते हैं। चुनाव जीतने के बाद राहुल गांधी यह बात दो बार कह चुके हैं कि वह दोनों ही सीटें रखना चाहते हैं, लेकिन यह संभव नहीं है। रायबरेली के इस दौरे पर भी यह स्पष्ट नहीं हुआ कि राहुल कौन सी सीट रखने जा रहे हैं।