मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबईकरों को महंगाई का गिफ्ट! ...८% महंगा हो सकता है पानी ...मनपा...

मुंबईकरों को महंगाई का गिफ्ट! …८% महंगा हो सकता है पानी …मनपा कर रही दर बढ़ाने की तैयारी

सामना संवाददाता / मुंबई
महानगर मुंबई में बढ़ती आबादी के बीच पानी की कमी की समस्या से जूझ रहे मुंबईकरों को मनपा एक और झटका देने जा रही है। मुंबईकरों के लिए अब पानी महंगा होने जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, मनपा पानी की दरें करीब ८ फीसदी तक बढ़ा सकती है। ऐसे में पीने का पानी महंगा कर मुंबईकरों को मनपा महंगाई का गिफ्ट देने जा रही है।
बता दें २०२३ में ही मनपा ने पानी के लिए ८ प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव रखा था, लेकिन इसे लागू नहीं किया जा सका। तब से यह प्रस्ताव रुका हुआ था। माना जा रहा है कि मनपा के एक अधिकारी ने बताया कि मनपा का नियम है कि हर साल पानी की दर में ६ से ८ फीसदी बढ़ोतरी होनी चाहिए। २०१२ में मनपा ने नियम बनाया था कि मनपा को हर साल नया प्रस्ताव तैयार करना होगा और कमिश्नर की मंजूरी जरूरी होगी। मनपा हर तीन महीने में उपभोक्ताओं को पानी का बिल भेजती है। बकाया राशि नए बिल में जोड़ दी जाएगी। मनपा सात झीलों से मुंबईकरों को रोजाना ३,८५० एमएलडी पानी की आपूर्ति करती है। यह पानी ठाणे, पालघर और नासिक जिलों से लगभग १०० किमी लंबी दूरी से लाया जाता है।
१०० करोड़ के राजस्व की उम्मीद
मनपा का कहना है कि जल आपूर्ति के लिए प्रशासनिक लागत के साथ-साथ ऊर्जा और जल उपचार लागत में भी वृद्धि हुई है। जिस कीमत पर जनता को पानी की आपूर्ति की जाती है, वह बहुत मामूली दर है। जबकि मनपा लोगों को पानी मुहैया कराने के लिए कई गुना ज्यादा खर्च करती है। पानी की दरें बढ़ने के बाद मनपा को सालाना करीब १०० करोड़ रुपए का राजस्व मिलने की उम्मीद है।

अन्य समाचार