मुख्यपृष्ठखबरेंगड्ढे में गडकरी के दावे! ...अमदाबाद-मुंबई हाईवे की हालत खस्ता

गड्ढे में गडकरी के दावे! …अमदाबाद-मुंबई हाईवे की हालत खस्ता

-टोल वसूली जारी
अभिषेक कुमार पाठक / मुंबई
अमदाबाद-मुंबई हाईवे, जिसे देश की आर्थिक राजधानी को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग माना जाता है, इन दिनों यह महामार्ग बुरे दौर से गुजर रहा है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दावा किया था कि खराब राजमार्गों पर टोल वसूली नहीं की जाएगी, लेकिन गडकरी के दावे का अधिकारियों पर कोई असर नहीं हुआ। इस हाईवे की हालत खस्ता होने के बावजूद भी धड़ल्ले से टोल वसूली शुरू है।
उल्लेखनीय है कि हाइवे की हालत इतनी खराब है कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। रोजाना इस हाईवे पर हजारों वाहन चालक आवगमन करते है, लेकिन उन्हें खराब सड़कों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। इन गड्ढों की वजह से न केवल वाहन चालक बल्कि पैदल यात्रियों को भी भारी परेशानी से दो-दो हाथ करना पड़ रहा है।
अवैध मलबे की डंपिंग
सबसे अधिक चिंताजनक बात यह है कि हाईवे के अगल-बगल अवैध मलबे की डंपिंग की जा रही है, जिसे रोकने में हाईवे अथोरिटी पूरी तरह विफल रही है। इन अवैध डंपिंग स्थलों से न केवल हाईवे का सौंदर्य बिगड़ रहा है, बल्कि पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके अलावा, मलबे के ढेर सड़क पर फैलने से ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
खराब हाईवे पर क्यों हो रही है टोल वसूली
यात्रियों का कहना है कि वे रोजाना टोल का भुगतान करते हैं, लेकिन बदले में उन्हें अच्छी सड़कों की सुविधा नहीं मिल रही है। टोल वसूली की यह नीति न केवल अनुचित है, बल्कि यात्री अधिकारों का भी हनन है। हाईवे अथोरिटी की लापरवाही और प्रबंधन में कमी से हाइवे की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।

ट्रैफिक जाम और गड्ढों के विरोध में अनोखा आंदोलन
राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण के कुप्रबंधन के विरोध में स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस पार्टी भूमिपुत्र संगठन ने अमदाबाद में राष्ट्रीय राजमार्गों पर बैंड-बाजा बजाकर प्रदर्शन किया। साथ ही गड्ढों के चारों ओर फूलों की माला बनाकर और उन गड्ढों में नृत्य करके विरोध जताया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर २ घंटे तक हाईवे अथॉरिटी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस मौके पर भूमिपुत्र फाउंडेशन के सुशांत पाटील, कांग्रेस के विजय पाटील, अनिल अल्मेडा और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

 

अन्य समाचार