मुख्यपृष्ठटॉप समाचारकोमा में एंबुलेंस! ... बीमार के नाम पर ‘घाती’ सरकार का महाघोटाला...

कोमा में एंबुलेंस! … बीमार के नाम पर ‘घाती’ सरकार का महाघोटाला …रु. ३ हजार करोड़ का टेंडर बढ़ाकर किया रु. १०,०००करोड़

यह एंबुलेंस घोटाला किसके बेटे के लिए किया जा रहा है? इस घोटाले में कितने नेताओं की जेब गर्म हुई है? एंबुलेंस घोटाला राज्य का सबसे बड़ा घोटाला है। यह सरकार मरीजों की खोपड़ी में मक्खन खा रही है।’
– नेता प्रतिपक्ष

सामना संवाददाता / मुंबई
एंबुलेंस का काम होता है गंभीर किस्म के मरीजों को अस्पताल पहुंचाना। मगर राज्य की ‘घाती’ सरकार का अजब कारनामा है। उसने ऐसी स्थिति पैदा कर दी है कि मरीजों को अस्पताल पहंचानेवाला एंबुलेंस ही ‘कोमा’ में पहुंच गया है। असल में महाराष्ट्र में अस्पतालों के लिए ये एंबुलेंस खरीदे जानेवाले हैं। इनके लिए ३,००० करोड़ रुपए का टेंडर निकाला जाना था, पर आश्चर्यजनक तरीके से ‘घाती’ सरकार ने टेंडर की रकम बढ़ाकर १०,००० करोड़ रुपए कर दी है। महाराष्ट्र में हुए इस एंबुलेंस घोटाले का सनसनीखेज खुलासा कल नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार ने विधानसभा में किया। आश्चर्य की बात है कि इस ‘घाती’ सरकार के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और दोनों उपमुख्यमंत्रियों देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार ने फिलहाल इस मामले में चुप्पी साध रखी है।
कल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने सरकार की करतूतों का जमकर पर्दाफाश किया। उनके हमले पर सरकार पूरी तरह डिफेंसिव मोड में नजर आई। वडेट्टीवार ने इस एंबुलेंस खरीद घोटाले में ३० फीसदी का कमीशन लिए जाने का भी आरोप लगाया। वडेट्टीवार ने विधानसभा में इस पूरे मामले की एसआईटी से जांच कराने की मांग करते हुए सवाल उठाया है कि यह एंबुलेंस घोटाला किसके बेटे के लिए किया जा रहा है?
इस घोटाले में कितने नेताओं की जेब गर्म हुई है? साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र को लूटो और गुजरात को बांटो, इन शब्दों में ‘घाती’ सरकार पर निशाना साधा। वडेट्टीवार ने कहा, ‘एंबुलेंस घोटाला राज्य का सबसे बड़ा घोटाला है। यह सरकार मरीजों की खोपड़ी में मक्खन खा रही है।’ जिन अधिकारियों ने इस घोटाले का विरोध किया उनका तबादला भी कर दिया गया। चुनावी चंदे के लिए यह उद्योग चल रहा है। यह घोटाला तब किया जा रहा है, जब स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। महाराष्ट्र को लूटने और साफ करने का उद्योग चल रहा है। इसलिए उन्होंने इस घोटाले की जांच एसआईटी से कराने की मांग की।

अन्य समाचार