मुख्यपृष्ठनए समाचारमहायुति को टेंशन! ... दो दल होंगे जुदा, बनाएंगे नया गठबंधन

महायुति को टेंशन! … दो दल होंगे जुदा, बनाएंगे नया गठबंधन

सामना संवाददाता / मुंबई
लोकसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद से उसके गठबंधन दलों में हलचल मच गई है। महाराष्ट्र में महायुति को मिली शिकस्त के बाद तो महायुति में दरार बढ़ गई थी। अब उसमें फूट पड़ने की खबर आ रही है। महायुति के सहयोगी दलों में से दो दल अब अलग होकर नए मोर्चे की तैयारी में हैं, जिससे महायुति को एक और झटका लगने वाला है। सूत्रों के अनुसार, महायुति से बच्चू कडू के प्रहार संगठन और संभाजी राजे छत्रपति की स्वराज्य पार्टी अलग होकर नया गठबंधन बनाने की तैयारी में हैं। महाविकास आघाड़ी की गलत नीतियों के चलते परेशान बच्चू कडू और संभाजी राजे छत्रपति के साथ किसान स्वाभिमान संगठन के रविकांत तुपकर और आम आदमी पार्टी एक साथ आएगी। ये चारों दल मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। ऐसे में महायुति की टेंशन बढ़ गई है। लोकसभा से भी खराब परफॉर्मेंस महायुति की विधानसभा में होने की संभावना जताई जा रही है।
बता दें कि राज्य के तमाम दल विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस रहे हैं, लेकिन इस बीच महायुति के दो दल उससे अलग हो रहे हैं। ये दोनों दल महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाकों में मजबूत पकड़ रखते हैं। महायुति से अलग होकर ये लोग महाराष्ट्र में अब तीसरा गठबंधन बना रहे हैं। इसमें आम आदमी पार्टी और किसान स्वाभिमान संगठन भी शामिल होगी। बताया जा रहा है कि जल्द ही बच्चू कडू और संभाजी राजे एक साथ प्रेस काॅन्फ्रेंस  करेंगे और विधानसभा चुनाव को लेकर आधिकारिक घोषणा करेंगे,इसलिए राज्य में जल्द ही महायुति और मविआ के बाद तीसरा गठबंधन बन सकता है। जब बच्चू कडू से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने जवाब दिया कि अगर मुख्यमंत्री से सकारात्मक चर्चा नहीं हुई तो वह अलग फैसला लेंगे। साथ ही रविकांत तुपकर ने कहा कि तीसरे मोर्चे का विकल्प अच्छा हो सकता है।

बच्चू कडू ने बढ़ाया महायुति का तनाव
महायुति के घटक दल प्रहार जन शक्ति संगठन के नेता बच्चू कडू ने महायुति की टेंशन बढ़ा दी है। बच्चू कडू ने विधानसभा चुनाव में अकेले २० सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। चर्चा यह भी है कि बच्चू कडू महायुति से नाखुश हैं। बच्चू कडू ने विधानसभा में एकला चलो चा… का नारा दिया है। अपने दम पर विधानसभा चुनाव लड़ने पर फैसला लेने के लिए बैठक बुलाई है।

अन्य समाचार