मुख्यपृष्ठनए समाचारकल्याण में घाटकोपर रिपीट! ...सड़क पर गड्ढों से बच जाओगे, लेकिन अवैध होर्डिंग...

कल्याण में घाटकोपर रिपीट! …सड़क पर गड्ढों से बच जाओगे, लेकिन अवैध होर्डिंग से नहीं बचोगे

ठेकेदार पर की जाएगी कार्रवाई -आयुक्त
सामना संवाददाता / कल्याण 
कल्याण में घाटकोपर होर्डिंग हादसा रिपीट हुआ है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। केडीएमसी महानगरपालिका में भ्रष्टाचार के चलते आज भी अवैध होर्डिंग्स धड़ल्ले से लगे हुए हैं। शुक्रवार सुबह १० बजे के करीब कल्याण-पश्चिम के सहजानंद चौक में एक होर्डिंग गिरने से आधा दर्जन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गर्इं और दो लोग घायल हो गए। यहां घर से बाहर निकलना दुर्घटना को दावत देने जैसा हो गया है। कल्याण में दर्जनों अवैध होर्डिंग लगे हुए हैं। ये होर्डिंग्स कब मौत बनकर लोगों पर गिर पड़ेगी, यह कहना मुश्किल है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कल्याण को अपना ‘बाल किला’ कहते हैं, लेकिन यहां की सड़कों पर इतने गड्ढे हैं कि सड़कें ढूंढना मुश्किल हो रहा है। कांग्रेस के शकील शेख ने बताया कि २०२३ में भी इसी प्रकार की घटनाएं हो चुकी हैं, जैसे मेट्रो मॉल के पास और चेतना स्कूल के पास होर्डिंग गिरना। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपनी राजनीति छोड़कर अवैध होर्डिंग्स पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और नाकाम अधिकारियों को निलंबित करना चाहिए। क्या यह वही ‘बाल किला’ है जहां, नागरिकों को डर के साये में जीना पड़ता है?

ठेकेदार करे नुकसान की भरपार्ई :मनपा आयुक्त  
इस बारे में केडीएमसी आयुक्त इंदुराणी जाखड़ ने बताया कि जिस ठेकेदार ने यह होर्डिंग लगाया था, उसने सही तरीके से एसओपी का पालन नहीं किया था। ठेकेदार पर मामला दर्ज कराया जाएगा और नुकसान की भरपाई भी उसी से कराई जाएगी। जाखड़ ने कहा कि अवैध और खतरनाक होर्डिंग्स के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ठोस कार्रवाई करेगा।

अन्य समाचार