मुख्यपृष्ठनए समाचारमुख्यमंत्री आतिशी के साथ आज 4 पुराने और एक नए मंत्री लेंगे...

मुख्यमंत्री आतिशी के साथ आज 4 पुराने और एक नए मंत्री लेंगे शपथ

– विधायक मुकेश अहलावत भी बनेंगे मंत्री
– गोपाल राय के उप-मुख्यमंत्री बनने की हैं चर्चाएं?

रमेश ठाकुर/नई दिल्ली
दिल्ली को कल आतिशी मार्लेना के रूप में नया मुख्यमंत्री मिलेगा। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ महिला नेता आतिशी चार पुराने मंत्रियों और एक नए चेहरे के साथ एक सादे समारोह में पार्टी के शीर्ष नेताओं अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसौदिया, संजय सिंह के अन्य नेताओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।आतिशी के अलावा सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत, गोपाल राय और इमरान हुसैन भी फिर से मंत्री बनेंगे। वहीं, सुल्तानपुर माजरा से विधायक मुकेश अहलावत नए मंत्री के रूप में शामिल किए जाएंगे। सुगबुगाहट गोपाल राय को उप-मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर भी खूब है। राय के समर्थक उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे थे। आम आदमी पार्टी की ओर से भेजे गए सभी नामों की स्वीकृति फिलहाल उप-राज्यपाल ने दी है। परंपरा के मुताबिक एलजी वीके सक्सेना ने आतिशी को मुख्यमंत्री पद के लिए आमंत्रित किया है।

– शपथ लेते ही आतिशी रचेगीं नया कीर्तिमान

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही आतिशी मार्लेना एक नया कीर्तिमान रच देंगी। आतिशी दिल्ली की तीसरी सबसे कम उम्र की महिला मुख्यमंत्री होंगी। उनकी उम्र महज 43 वर्ष है। उनसे पहले कांग्रेस की शीला दीक्षित और भाजपा की सुषमा स्वराज दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी थीं। शीला दीक्षित, सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रही उन्होंने 1998 से 2013 तक यानी 15 वर्षों तक सीएम का पद संभाला था। वहीं, स्वराज का कार्यकाल 1998 में मात्र 52 दिनों का रहा था। आतिशी का कार्यकाल फिलहाल फरवरी-2025 तक रहेगा।

– दो दिनी विधानसभा का बुलाया सत्र

आतिशी के मुख्यमंत्री बनने के बाद सरकार अगले सप्ताह यानी 26-27 सितंबर को दो दिनी विधानसभा का सत्र बुलाएगी। क्योंकि पिछले कई समय से विधानसभा का सत्र नहीं बुलाया गया है जिसका विरोध विपक्ष लगातार कर रहा है। मौजूदा सरकार का कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त होगा और फरवरी में चुनाव होने हैं।

अन्य समाचार