मुख्यपृष्ठनए समाचारदिल्ली में ‘आतिशी’ पारी शुरू ... उप-राज्यपाल ने राज निवास में दिलाई मुख्यमंत्री...

दिल्ली में ‘आतिशी’ पारी शुरू … उप-राज्यपाल ने राज निवास में दिलाई मुख्यमंत्री की शपथ

रमेश ठाकुर / नई दिल्ली
मैं आतिशी ईश्वर की शपथ लेती हूं…..के साथ ही आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ महिला नेता आतिशी मार्लेना ने दिल्ली की 8वीं और तीसरी महिला मुख्यमंत्री बन गईं। शनिवार शाम सिविल लाइन्स स्तिथ राज निवास में आयोजित एक समारोह में उप-राज्यपाल वीके सक्सेना ने उनको मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलवाई। दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के साथ ही उन्होंने भारत की 17वीं महिला मुख्यमंत्री बनने का गौरव भी हासिल किया। समारोह में मौजूद विपक्षी नेता बिजेंद्र गुप्ता, भाजपा सांसद मनोज तिवारी सहित अन्य नेताओं ने भी आतिशी को मुख्यमंत्री बनने पर बधाइयां दी। दिल्ली के कालकाजी से विधायक आतिशी ने शपथ लेने के उपरांत अरविंद केजरीवाल के पैर छूकर उनसे आशीर्वाद लिया। आतिशी आम आदमी पार्टी के कोटे से चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं, उनसे पूर्व 3 मर्तबा पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री रहे हैं। मुख्यमंत्री आतिशी के अलावा गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज, इमरान हुसैन और विधायक मुकेश अहलावत ने भी मंत्रिमंडल में शामिल होने की शपथ ली। बता दें, मुख्यमंत्री आतिशी के समक्ष चुनौतियों की भरमार हैं। पार्टी ने उन्हें चुनाव तक धुंआधांर पारी खेलने का मौका दिया है जिससे पार्टी अगले विधानसभा चुनाव में वापसी कर सके। सबसे बड़ा सवाल यही है, क्या अगले वर्ष होने वाले चुनाव में आतिशी पार्टी की वापसी करवा पाएंगी या नहीं?

– दिल्ली के मुख्यमंत्रियों की सूची

ब्रह्म प्रकाश (17 मार्च 1952 से 12 फरवरी 1955 तक)
गुरमुख निहाल सिंह (12 फरवरी 1955 से 1 नवंबर 1956 तक)
मदन लाल खुराना ( 2 दिसंबर 1993 से 26 फरवरी 1996 तक)
साहिब सिंह वर्मा (26 फरवरी 1996 से 12 अक्टूबर 1998 तक)
सुषमा स्वराज (12 अक्टूबर 1998 से 3 दिसंबर 1998 तक)
शीला दीक्षित (3 दिसंबर 1998 से 1 दिसंबर 2003, 2 दिसंबर 2003 से 29 नवंबर 2008 और फिर 30 नवंबर 2008 से 28 दिसंबर 2013 तक)
अरविंद केजरीवाल (28 दिसंबर 2013 से 14 फरवरी 2014, 14 फरवरी 2015 से 15 फरवरी 2020 फिर 16 फरवरी 2020 से 21 सितंबर 2024 तक)
आतिशी (21 सितंबर 2024 से कार्यकाल आरंभ)

अन्य समाचार