मुख्यपृष्ठनए समाचारचिट्ठी से खुलेगा एनकाउंटर का चिट्ठा! ... कुछ घंटे पहले ही हुई...

चिट्ठी से खुलेगा एनकाउंटर का चिट्ठा! … कुछ घंटे पहले ही हुई थी मां से मुलाकात

नागमणि पांडेय / मुंबई
बदलापुर बाल यौन शोषण मामले के मुख्य आरोपी अक्षय शिंदे का कल शाम पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। तलोजा जेल से ले जाते समय  मुंब्रा और कलवा के बीच अक्षय ने पुलिस से रिवॉल्वर छीनी और पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी।  इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में अक्षय को गोली मार दी। उस फायरिंग में अक्षय की मौत हो गई। अक्षय की मौत के तुरंत बाद उनकी मां ने बताया कि इस घटना से कुछ समय पहले उनकी बेटे से मुलाकात हुई थी। उस समय उसने एक चिट्ठी दिखाई थी। मां ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि अक्षय को वह पत्र किसने दिया था? उसमें क्या लिखा था, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। अब माना जा रहा है कि इस चिट्ठी से कल के इस एनकाउंटर का चिट्ठा खुल सकता है।
अक्षय के माता-पिता ने बताया कि घटना से  कुछ घंटे पहले उन्होंने उससे जेल में मुलाकात की थी। हम दोपहर को उससे मिलने गए थे। तीन बजे आने को कहा गया था। हम साढ़े तीन बजे मिले। अक्षय ने बताया कि चार्जशीट आ गई है। एक महीने में बाहर निकालने का आश्वासन दिया गया है। इसके लिए उसे एक पत्र दिया गया है। बदलापुर यौन शोषण के आरोपी अक्षय शिंदे की मां ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले जेल में मुलाकात हुई थी। किसी ने अक्षय को एक पत्र  लिखा था। यह उसकी जेब में था। वो दिखा रहा था, लेकिन मुझे कुछ नहीं दिखा। उसने बताया कि जेल में उसे किसी ने यह दिया था। कम पढ़ा-लिखा होने के कारण वह पढ़ नहीं सकता इसलिए उसे नहीं पता कि उसमें क्या लिखा है। मेरा बेटा पटाखे भी नहीं फोड़ सकता, ऐसे में बंदूक लेकर गोली कैसे चला सकता है? अक्षय की मां का दावा है कि पैसे देकर उसकी हत्या कराई गई है।
पुलिस ने मार डाला
अक्षय की मां ने बताया कि पुलिस ने उसे काफी मारा है। उसके पैर पर मारा है। उसकी  उंगलियां तोड़ दीं है। अब पता चल रहा है कि उसे गोली मार दी गई है। हमें भी मार डालो।
लॉक रिवॉल्वर को लेकर खड़े हुए सवाल
पुलिस के रिवॉल्वर लॉक होते हैं। इसके बावजूद जेल से ले जाते समय रिवाल्वर अक्षय शिंदे के हाथ कैसे लगा और उसने उसे कैसे चलाया? जब वह खुद पर गोली मार रहा था इसमें पुलिसवाले कैसे घायल हो गए? पुलिस ने फायरिंग क्यों नहीं की? ये सारे सवाल जांच के विषय हैं।

अन्य समाचार