मुख्यपृष्ठनए समाचारगृहमंत्री चुनावी पचड़े में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में ... मनचलों की...

गृहमंत्री चुनावी पचड़े में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में … मनचलों की मस्ती बढ़ी! …फडणवीस का गृह विभाग फेल

– नहीं रोक पा रहा है आपराधिक घटनाएं
सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में होनेवाले विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा होना अभी बाकी है, इसके बावजूद ‘घाती’ सरकार राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान देने के बजाय चुनाव के प्रचार-प्रसार में अभी से व्यस्त है। दूसरे दलों के नेताओं को तोड़ने-फोड़ने में व्यस्त होने के कारण फडणवीस का गृह विभाग आपराधिक घटनाओं को रोक पाने में फेल हो गया है, जिसका नतीजा है कि मनचलों की मस्ती बढ़ने के साथ ही महिलाओं के साथ आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। बीती रात मुंबई के सीएसटीएम और पुणे में दो महिलाओं के साथ गैंगरेप की घटना से एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किये जाने लगे हैं।
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस इलाके में एक २९ वर्षीया महिला के साथ सामूहिक बलात्कार की एक चौंकानेवाली घटना घटी है। महिला के साथ २२ सितंबर को रेप हुआ था और अब यह घटना सामने आई है। महिला का आरोप है कि सीएसएमटी रेलवे स्टेशन के बाहर टैक्सी स्टैंड के पीछे उसके साथ रेप किया गया। २२ सितंबर को महिला सीएसएमटी स्टेशन के बाहर अकेली थी, तभी दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास आए। इसी दौरान एक आरोपी ने उसे चिल्लाने से रोकने के लिए उसका मुंह दबा दिया। इसके बाद महिला ने आरोप लगाया कि उसे रेलवे स्टेशन के बाहर टैक्सी स्टैंड के पीछे ले जाया गया और बारी-बारी से दोनों ने उसका रेप किया। महिला ने इस संबंध में सीएसएमटी जीआरपी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। इस बीच जीआरपी ने मामले को जांच के लिए माता रमाबाई मार्ग पुलिस स्टेशन में स्थानांतरित कर दिया है।
पुणे में युवती से गैंगरेप
पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं। पुणे में एक बस ड्राइवर द्वारा दो लड़कियों के साथ यौन उत्पीड़न की घटना सामने आने के बाद अब एक युवती से सामूहिक बलात्कार की चौंकानेवाली घटना हुई है। इस घटना ने एक बार फिर शहर को हिलाकर रख दिया है। बोपादेव घाट में दोस्त के साथ घूमने गई एक युवती से तीन लोगों ने दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, युवती अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए पुणे के पास बोपदेव घाट गई थी, तभी घाट पर गए दोनों के पास तीन युवक आए। शुरुआत में उसने खुद को मानवाधिकार संगठन का कार्यकर्ता बताते हुए लड़की और उसके दोस्त की तस्वीर ले लीं। इसके बाद संबंधित लड़की को कार में बिठाया गया और कार को येवले वाडी इलाके की एक गली में ले जाया गया। जानकारी सामने आ रही है कि वहीं इस युवती के साथ तीन लोगों ने दुष्कर्म किया है।

इस बारे में सुप्रिया सुले ने अपने ट्विटर एकाउंट से ट्वीट किया है, जिसमें लिखा है कि ‘बेहद चौंकानेवाला! पुणे में क्या हो रहा है? बोपदेव घाट में एक लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। पुणे और राज्यभर में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। गृह विभाग इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।

अन्य समाचार