– तट पर तलाशी अभियान जारी
– पुलिस, तटरक्षक और नेवी हाई अलर्ट पर
सामना संवाददाता / मुंबई
पालघर के दहानू तालुका के अंतर्गत समुद्र तट पर एक संदिग्ध बोट देखे जाने के बाद तटीय इलाकों में डर का माहौल बन गया है। मछुआरों द्वारा इसकी जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद से यह रहस्यमयी बोट लापता है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन इस पावर बोट को ढूंढने में जुटा हुआ है। इस घटना ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। बोट की इस संदिग्ध हरकत से समुद्री सुरक्षा और अन्य सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर सामने आ गया है। इसके साथ ही पुलिस, नेवी और कोस्ट गार्ड हाई अलर्ट पर हैं।
अरब सागर से लगे पालघर जिले के दहानू तालुका स्थित घोलवड पुलिस स्टेशन के अंतर्गत शेखले बदाकती पाड़ा गांव के सामने समुद्र में तीन नागरिकों को एक संदिग्ध बोट पर देखा गया। इस गांव के कुछ लोग आधी रात के आस-पास बदाकती पाड़ा गांव के सामने समुद्र तट क्रिकेट ग्राउंड के पास चट्टान पर बैठकर मोबाइल पर गेम खेल रहे थे। इसी दौरान उन्हें समुद्र में खड़ी मछली पकड़ने वाली बोट के पास यह संदिग्ध बोट दिखी। इन तीनों नागरिकों को जो संदिग्ध बोट दिखी वह इलाके की अन्य बोटों से अलग और बड़ी थी। बोट में चमकीली हरी और सफेद बिजली की रोशनी थी। बोट आगे से ऊंची थी जिसके पीछे एक केबिन था। नागरिकों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने इस मामले में संदिग्ध बोट की जांच शुरू कर दी है और समुद्र तट से जुड़े सभी सिस्टम को वायरलेस संदेश भेजकर अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस ने समुद्र में मछली पकड़ने जा रहे मछुआरों से अपील की है कि अगर वे ऐसी चलती हुई बोटें देखें तो तुरंत सुरक्षा मंत्रालय को सूचित करें। पुलिस को अभी तक इस बोट के बारे में पुख्ता जानकारी नहीं मिली है, लेकिन पुलिस तंत्र इस प्रकार की ट्रैकिंग कर रहा है। इसके साथ ही समुद्री सुरक्षा से जुड़े पुलिस, नेवी ओर कोस्ट गार्ड भी अलर्ट मोड हैं। उनकी तरफ से भी समुद्री किनारों पर सुरक्षा मजबूत कर दी गई है।
मुंबई में २६/११ और अन्य घटनाओं में शामिल मुख्य आतंकवादी उसी सीमा से पाकिस्तान के रास्ते बोट के जरिए मुंबई आए थे, तो उसके बाद पुलिस व्यवस्था और समुद्री सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सतर्क हो गई। ऐसी घटनाओं या संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए तटीय पुलिस स्टेशनों के पास गश्ती बोटें हैं, लेकिन अचानक आई इस बोट के कारण एक बार फिर समुद्री और अन्य सुरक्षा का मुद्दा सिर उठाने लगा है।