सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई नगरिया में लोग बड़े-बड़े सपने लेकर आते हैं। मगर यहां बड़ी संख्या में सपने चूर हो जाते हैं। अधिकांश लोग नौकरी करते हुए बमुश्किल २५-५० हजार रुपए महीने का जुगाड़ ही कर पाते हैं। मगर यहां कमाल भी होते हैं। वड़ा पाव मुंबई की जान है। लोग यहां बड़े चाव से सस्ते व सुलभ फास्ट फूड के रूप में वड़ा पाव खाते हैं। आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि मुंबई में फुटपाथ पर वड़ा पाव बेचनेवाला एक वेंडर २ लाख रुपए महीना कमाता है। साल में यह शख्स २४ लाख रुपए कमा रहा है।
बता दें कि एक शख्स ने इस वड़ा पाव वाले का एक वीडियो सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर अपलोड किया है और इस बारे में विस्तार से बताया है। वीडियो वायरल हो चुका है और इस पर करीब १ करोड़ व्यूज आ चुके हैं। इसमें बताया गया है कि इस स्ट्रीट वेंडर की महीने की कमाई करीब २.८ लाख रुपए है। इसमें से वह करीब ८० हजार रुपए महीने खर्च करता है। इसके बाद उसे महीने में करीब २ लाख रुपए की बचत हो जाती है। उसकी कमाई सुनकर लोगों के होश उड़ गए हैं। इस वीडियो ने स्ट्रीट वेंडरों की कमाई पर से पर्दा उठाने का काम किया है। बता दें कि मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में वड़ा पाव का अलग ही क्रेज है। लोग इस स्ट्रीट फूड को बेहद पसंद करते हैं। वीडियो में वड़ा पाव सेलर कहता है कि सुबह ही हम करीब २०० वड़ा पाव बेच चुके थे। शाम होते-होते यह आंकड़ा ६२२ पर पहुंच गया। वह एक वड़ा पाव १५ रुपए में बेचता है। इस तरह से उसकी रोज की आय करीब ९३०० रुपए हो जाती है। इस वीडियो पर एक यूजर ने लिखा कि अब मुझे समझ ही नहीं आ रहा कि मैं अपने जीवन के साथ क्या कर रहा हूं? एक अन्य ने लिखा कि अब समय आ गया है कि मैं भी फूड कार्ट शुरू कर दूं। एक यूजर ने इसे सही लोकेशन का खेल बताया है। साथ ही लोग हैरान हैं कि सड़क किनारे बिजनेस कर रहे लोग इतनी जबरदस्त कमाई कर रहे हैं।