मुख्यपृष्ठनए समाचारजल्दबाजी में उद्घाटन का नतीजा ...एक्वा मेट्रो, अटक गई! ... तीसरे ही दिन...

जल्दबाजी में उद्घाटन का नतीजा …एक्वा मेट्रो, अटक गई! … तीसरे ही दिन तीस मिनट तक अटकी रही भूमिगत मेट्रो

 यात्रियों का हुआ लोकल यात्रा से भी बुरा हाल
सामना संवाददाता / मुंबई
हाल ही में एक्वा लाइन के नाम से शुरू हुई मुंबई मेट्रो-३ की सेवाएं लगातार तीसरे दिन बेहाल रहीं। कल बुधवार की सुबह ही मेट्रो-३ अटक गई। इस रुकावट की वजह सहार रोड स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन के दरवाजे बंद करने की प्रणाली में आई तकनीकी खराबी बताई जा रही है। सुबह करीब ९:३० बजे हुई इस समस्या के चलते कई यात्री स्टेशन पर फंसे रह गए। इससे पहले भी सोमवार और मंगलवार को इसी तरह की तकनीकी दिक्कतों का सामना यात्रियों को करना पड़ा था।
बता दें कि इस दौरान यात्रियों ने शिकायत की कि न सिर्फ ट्रेन सेवाओं में देरी हुई, बल्कि कोई ठोस जानकारी भी उन्हें नहीं दी गई। सहार रोड स्टेशन पर सोमवार को भी मेट्रो ट्रेन इसी वजह से रुकी थी। यात्रियों ने बताया कि आधिकारिक रूप से कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी गई, सिवाय इसके कि देरी के लिए मेट्रो प्रशासन की ओर से माफी मांगी गई। यात्री ३० से ३५ मिनट तक ट्रेन का इंतजार करते रहे, खासकर उस समय जब सुबह ऑफिस जाने का समय था। इससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर यात्रियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि बीकेसी (बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स) स्टेशन पर मंगलवार को भी ट्रेनें ३० से ४५ मिनट देरी से आई थीं। मेट्रो सेवा की इस अनियमितता ने यात्रियों को काफी परेशान किया। एक यात्री ने कहा, ‘कोई ट्रेन नहीं आई। कल भी यही हुआ था। ४५ मिनट तक इंतजार करना पड़ा था। कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल रही कि ट्रेन कब आएगी।’ गौरतलब है कि सोमवार को मेट्रो लाइन-३ के पहले दिन २०,४८२ यात्रियों ने इस लाइन का इस्तेमाल किया, लेकिन बार-बार आ रही तकनीकी खामियों ने इसे लेकर यात्रियों की निराशा बढ़ा दी है।

 

अन्य समाचार