सामना संवाददाता / नई दिल्ली
देशभर में दशहरे के दिन रावण का दहन होगा, वहीं केंद्रीय कर्मचारियों की खुशियों का दहन होगा। दरअसल, केंद्रीय कर्मचारियों को उम्मीद थी कि कल सरकार, महंगाई भत्ता जारी करने की घोषणा कर सकती है। हालांकि, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट की बैठक के बाद प्रेस ब्रीफिंग की। उसमें महंगाई भत्ते का कहीं कोई जिक्र नहीं था। दशहरा भी इसी सप्ताह है। सूत्रों का कहना है कि अभी तक केंद्रीय कैबिनेट के समक्ष डीए/डीआर की दरों में बढ़ोतरी करने से जुड़ी फाइल नहीं पहुंची है। अब दिवाली से पहले महंगाई भत्ते/महंगाई राहत की दरों में चार फीसदी की वृद्धि करने की घोषणा हो सकती है। वर्तमान में ५० प्रतिशत दर के हिसाब से डीए/डीआर मिल रहा है।
बता दें कि डीए/डीआर की दरों में बढ़ोतरी की घोषणा सितंबर माह में कर दी जाती है। अक्टूबर प्रारंभ हो गया है, लेकिन इन भत्तों की घोषणा अभी तक नहीं की गई है। तीन अक्टूबर को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई थी। उसमें रेल कर्मचारियों को ७८ दिन का बोनस देने की घोषणा की गई। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया था कि रेल कर्मचारियों के लिए २०२९ करोड़ रुपए के बोनस को मंजूरी मिल गई है। इसके बाद केंद्रीय कर्मचारियों को यह आस बंध गई थी कि ९ अक्टूबर की केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में डीए की घोषणा कर दी जाएगी। गौरतलब है कि `कॉन्फेडरेशन ऑफ सेंट्रल गवर्नमेंट एम्प्लाइज एंड वर्कर्स’ के महासचिव एसबी यादव ने ३० सितंबर को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर डीए की दरों में बिना कोई देरी किए वृद्धि करने की मांग की थी। पत्र में कहा गया कि इन भत्तों का भुगतान, अक्टूबर के पहले सप्ताह में हो जाता था।