मुख्यपृष्ठखेलआउट ऑफ पवेलियन : क्या काव्या छलनी हो गई? रिकॉर्ड टूटा या...

आउट ऑफ पवेलियन : क्या काव्या छलनी हो गई? रिकॉर्ड टूटा या दिल!

अमिताभ श्रीवास्तव

इधर हैदराबाद में टीम इंडिया ने बांग्लादेश पर जबरदस्त जीत क्या दर्ज की उधर काव्या मारन का दिल टूट गया। एक एक रन काव्या को छलनी कर गए। ऐसा क्या हुआ कि मैच तो टीम इंडिया जीती मगर एसआरएच की मालकिन काव्या मारन को छलनी कर गया उसका बनाया रिकॉर्ड। सोशल मीडिया से लेकर खेल हलकों तक में खबर है कि जिस मैदान पर टीम इंडिया ने रिकार्ड जीत दर्ज की उस मैदान पर कभी काव्या की टीम का रिकॉर्ड बना था और इसे वो अमर समझ रही थी। अब इसे समझिए कि आखिर अपने देश की जीत पर खुश होने के बावजूद खुशी में गम का तड़का किस बात से लगा? दरअसल, काव्या की दोनों खुशियों का ताल्लुक हैदराबाद या फिर उनकी टीम एसआरएच के आईपीएल में बनाए बड़े स्कोर से है। अब तक हैदराबाद के मैदान पर बना सबसे बड़ा टी २० स्कोर काव्या मारन की टीम एसआरएच के नाम पर था, जो उसने आईपीएल २०२४ में मुंबई इंडियंस के खिलाफ बनाया था। मार्च २०२४ में एसआरएच ने मुंबई के खिलाफ २७७ रन का स्कोर हैदराबाद में बनाया, जिसे अगले ही महीने अप्रैल में उसने आरसीबी के होम ग्राउंड बेंगलुरु में २८७ रन बनाते हुए न सिर्फ पीछे छोड़ा बल्कि उसी के साथ टी २० इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली टीम भी बनी। लेकिन, टीम इंडिया ने अब एक ही झटके में ये दोनों खुशियां काव्या मारन और उनकी टीम से छीन ली हैं।
टीम इंडिया ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए २० ओवर में ६ विकेट पर २९७ रन बनाए। इस तरह उसने टी २० क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बना दिया। सबसे अहम बात ये रही कि भारतीय टीम ने ऐसा हैदराबाद में किया। यानी काव्या की टीम का रिकॉर्ड और उसी का होम ग्राउंड चुना। अब जब अपने ही होम ग्राउंड पर अपनी ही टीम का रिकॉर्ड ब्रेक हो रहा हो तो काव्या मारन भला कैसे खुश हो सकती हैं? टीम इंडिया ने पहले २७७ का आंकड़ा पार कर हैदराबाद में सबसे बड़ा टी २० स्कोर बनाया फिर जैसे ही २८७ रन के फिगर को लांघा, वो एसआरएच को तीसरे स्थान पर खिसकाते हुए टी २० में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली टीम बनी। इस तरह काव्या की खुशियों पर टीम इंडिया का चाबुक चलता हुआ नजर आया। पर जो भी हो रिकार्ड टीम इंडिया ने बनाया है और देश का बना है तो इस पर काव्या खुश भी है।
फैन ने लूटा स्टार का दिल
इश्क में सबकुछ जायज है। नजरों का खेल है। जिससे नजर भिड़ी, दिल मचला और बस इश्क हो गया फिर वो एक सामान्य दर्शक ही क्यों न हो, या फैन ही क्यों न हो? जी हां, पूर्व विंबलडन चैंपियन और विश्व की नंबर एक टेनिस खिलाड़ी ने अपने ही एक प्रशंसक से विवाह कर लिया है, जिसने उन्हें एक पार्क में रोककर `शुभकामनाएं’ दी थीं। यानी शुभकामनाएं दिल के रास्ते तक ले गई। बात वर्ष २०२१ की है जब यूएस ओपन में टेनिस खिलाड़ी गार्बाइन मुगुरुजा को अचानक एक लड़के ने आकर शुभकामनाएं दीं। मुगुरुजा ने देखा तो देखते ही रह गईं। वो मुस्कुराईं, फैन मुस्कुराया और देखते ही देखते स्पेनिश टेनिस स्टार एक-दूसरे के प्यार में पड़ गए। बस फिर क्या था इश्क परवान चढ़ने लगा। मुगुरुजा जब मार्बेला की एक यात्रा पर थीं तो उनके साथ उनका फैन बोर्गेस भी था जिसने घुटने पर बैठकर शादी का प्रस्ताव रख दिया। मुगुरुजा ने भी यह स्वीकार किया और अब, टेनिस से संन्यास लेने के बाद दोनों ने शादी कर ली। खेल दुनिया में यह एक अलग और पहली बार था जब किसी स्टार खिलाड़ी ने सामान्य से एक दर्शक के साथ इश्क किया और शादी की। मुगुरुजा कहती हैं कि जब हम मिले तो हमें पहली नजर में ही प्यार हो गया था और हमें जल्दी ही एहसास हो गया कि हम एक आदर्श जोड़ी हैं। हालांकि उन्होंने मुझे कुछ नहीं बताया था। वह बहुत खूबसूरत लग रहा था। जब मैंने देखा तो मैंने सोचा, `ओह, मेरा आदमी कितना सुंदर है।’ तो ऐसा भी होता है, इश्क में सब कुछ हो जाता है।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)

अन्य समाचार