मुख्यपृष्ठनए समाचारमहिलाओं के सम्मान पर लगा बट्टा... पुलिस ने हम पर ही दर्ज...

महिलाओं के सम्मान पर लगा बट्टा… पुलिस ने हम पर ही दर्ज किया मामला… जयश्री थोरात आक्रामक

सामना संवाददाता / मुंबई

दो दिन पहले जिस स्तर तक गिरकर उस व्यक्ति ने मेरे बारे में बात की, उसने महिलाओं के सम्मान पर बट्टा लगाने का काम किया है। इसे लेकर पुलिस की ओर से मुझे न्याय की अपेक्षा थी। लेकिन मुझे न्याय देने की बात तो दूर रही मेरे खिलाफ ही केस बना दिया। मेरे साथ खड़ी दुर्गाताई, डॉ. सुधीर तांबे समेत कई लोगों पर केस दर्ज किया गया। पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए हमें रातभर आठ से नौ घंटे इंतजार करना पड़ा। लेकिन हमारे खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर दिया गया। प्रशासन किसकी कठपुतली बनकर काम कर रहा है, प्रशासन किसके दबाव में काम कर रहा है? इस बारे में भी उन्होंने सवाल खड़े किए।
उल्लेखनीय है कि भाजपा नेता सुजय विखे पाटील की सभा में वसंतराव देशमुख ने कांग्रेस नेता बालासाहेब थोरात की बेटी जयश्री थोरात को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया। इसके बाद संगमनेर में बड़ा हंगामा हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रामक हो गए और कारों में आग लगा दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगमनेर पुलिस स्टेशन के बाहर १२ घंटे तक धरना दिया। साथ ही पुलिस से मिले आश्वासन के बाद संगमनेर का धरना प्रदर्शन वापस ले लिया गया। अब जयश्री थोरात, सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे, पूर्व विधायक डॉ. सुधीर तांबे, दुर्गा तांबे समेत ५० लोगों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद जयश्री थोरात ने गुस्से भरी प्रतिक्रिया दी है।
मुझे करो गिरफ्तार
जयश्री थोरात ने कहा कि इस तरह का मामला दर्ज करके संगमनेर तालुका में अशांति पैâलाने का काम किया जा रहा है। यह तालुका अत्यंत शांत और संयमी है, लेकिन जरूरत पड़ने पर सभी मेरे लिए खड़े हो गए। कुछ लोगों पर मामला दर्ज किया गया है, जबकि वे वहां थे ही नहीं। यह राजनीति करने का बहुत ही फर्जी और निम्नस्तर का तरीका है इसलिए अब मैं पुलिस स्टेशन जा रही हूं और उनसे कहूंगी कि अगर आप मुझे गिरफ्तार करना चाहते हैं तो करें, लेकिन बाकियों को छोड़ दीजिए।
सुजय विखे पर साधा निशाना
जयश्री थोरात ने कहा कि चुनाव आते-जाते रहते हैं। इतने निचले स्तर पर राजनीति चल रही है। मैं कहती हूं कि मेरे पिता मेरे ही नहीं बल्कि यहां पूरी जनता के लिए पिता के समान हैं। तब इसका अर्थ इतने गंदे स्तर पर लिया जाता है। जयश्री थोरात ने सुजय विखे पाटील पर हमला बोलते हुए कहा कि इससे उनकी सोच का पता चलता है।

अन्य समाचार