-महानगर क्षेत्र में पौने तीन लाख शुभ विवाह होने की संभावना
-‘कैट’ को एक लाख करोड़ रुपयों के कारोबार का अनुमान
सामना संवाददाता / मुंबई
नवरात्रि और दिवाली जैसे त्योहारों का सीजन खत्म होने के बाद अब शादियों का सीजन शुरू होनेवाला है। अनुमान है कि इस बार सबसे ज्यादा शादियां मुंबई क्षेत्र में ही होनेवाली हैं। व्यापार जगत के अनुमान के अनुसार, इस सीजन में वृहद मुंबई क्षेत्र में करीब पौने तीन लाख शादियां होंगी।
व्यापारियों की संस्था ‘कैट’ के राष्ट्रीय मंत्री शंकर ठक्कर ने बताया कि दिवाली में अच्छा व्यापार करने के बाद अब देश भर के व्यापारी शादियों के आगामी सीजन में बड़े व्यापार की उम्मीद के साथ तैयारियों में जुट गए हैं। शादियों का सीजन देवउठनी एकादशी १२ नवंबर से शुरू हो रहा है, जो १६ दिसंबर तक चलेगा। ‘कैट’ द्वारा किए गए एक अध्ययन के अनुसार, शादियों के सीजन में रिटेल क्षेत्र में लगभग ६ लाख करोड़ रुपए का व्यापार होने की उम्मीद है। देश में कुल ४८ लाख शादियों का अनुमान है। पिछले साल इस सीजन में ३५ लाख शादियां हुई थीं, जिससे कुल ४.२५ लाख करोड़ रुपए का व्यापार हुआ था। इस साल शुभ विवाह मुहूर्त की तिथियों में वृद्धि के कारण व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि का अनुमान है। वर्ष २०२३ में ११ शुभ मुहूर्त थे, जबकि इस वर्ष १८ मुहूर्त होने से व्यापार को और अधिक बढ़ावा मिलने की संभावना है। महामुंबई क्षेत्र में ही अनुमानित २.७५ लाख शादियों से इस सीजन में एक लाख करोड़ रुपए के व्यापार की उम्मीद है।
शादियों के शुभ मुहूर्त
‘कैट’ की वेद एवं अध्यात्म समिति के संयोजक आचार्य दुर्गेश तारे के अनुसार, इस साल के शादी सीजन में नवंबर में शुभ तिथियां १२, १३, १७, १८, २२, २३, २५, २६, २८ और २९ हैं, जबकि दिसंबर में ये तिथियां ४, ५, ९, १०, ११, १४, १५ और १६ हैं। इसके बाद लगभग एक महीने तक शादियों के सीजन में विराम होगा और २०२५ के मध्य जनवरी से मार्च तक फिर से शुरू होंगी।