अजय भट्टाचार्य
पंजाब कांग्रेस से गायब हो चुके नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर अचानक अटकलों का बाजार गुलजार हो गया है। हाल ही में उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू और बेटी राबिया सिद्धू की भाजपा नेता तरनजीत सिंह संधू से मुलाकात की तस्वीरें वायरल होने के बाद चर्चा है कि सिद्धू दंपति भाजपा में घरवापसी कर सकते हैं। यह फोटो तरनजीत सिंह संधू ने शेयर की और फोटो को वैâप्शन दिया कि समुद्री हाउस में डॉ. नवजोत कौर सिद्धू और उनकी बेटी से मुलाकात। अमृतसर से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई और काफी सुखद अनुभव रहा। संधू भाजपा हाईकमान के करीबी हैं और इस मुलाकात से चर्चा है कि तरनजीत सिद्धू दंपति की वापसी भाजपा में करा सकते हैं। सिद्धू ने २००४ में पहली बार अमृतसर से भाजपा की टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा और सांसद बने। २००७ में नवजोत कौर सिद्धू ने नवजोत सिद्धू के प्रचार की कमान संभाली और साल २०१२ में राजनीति में एंट्री की। नवजोत कौर सिद्धू ने २०१२ का विधानसभा चुनाव भाजपा की टिकट पर लड़ा और विधायक बनीं। उस समय अकाली-भाजपा गठबंधन था तो भाजपा हाईकमान ने नवजोत कौर को अकाली-भाजपा सरकार का मुख्य संसदीय सचिव बनाया। २०१४ के लोकसभा चुनाव में उनकी जगह अरुण जेटली को चुनाव टिकट दिए जाने से नाराज सिद्धू ने २०१६ में भाजपा छोड़ दी। नवजोत सिद्धू को राज्यसभा भेजा गया, लेकिन फिर भी सिद्धू ने भाजपा छोड़ दी।
झारखंड : ९ सीटों का खेल
झारखंड में ८१ सीटें हैं। ऐसे में जीत हार वाली कम मार्जिन की सीटें निर्णायक हो जाती हैं। झारखंड में किसी भी पार्टी को सरकार बनाने के लिए ४१ सीटें चाहिए और राज्य में कम से कम ९ सीटें ऐसी हैं जहां की जीत का मार्जिन पिछले चुनाव में ५ हजार से कम है। ये ९ सीटें हैं देवघर, गोड्डा, कोडरमा, मांडू, बाघमारा, जरमुंडी, सिमडेगा, नाला और जामा। इनमें से पिछली बार भाजपा ५ और झामुमो-कांग्रेस ने दो-दो सीटों पर जीत हासिल की थी। इन सीटों पर जीत का औसत २,३४९ वोट का रहा है। सिमडेगा सीट पर जीत का अंतर पिछली बार २८५ रहा, जहां कांग्रेस ने भाजपा को हराया। बाघमारा में भाजपा ने कांग्रेस को ८२४ वोट से हराया। जिन सीटों पर बीजेपी जीत नहीं पाई। उनमें से चार सीटों पर पार्टी दूसरे नंबर पर थी, वहीं तीन सीटों पर आरजेडी दूसरे नंबर पर थी। कांग्रेस और आजसू एक-एक सीट पर दूसरे नंबर पर रही हैं।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं और देश की कई प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में इनके स्तंभ प्रकाशित होते हैं।)