सामना संवाददाता / मुंबई
महाविकास आघाड़ी की महाराष्ट्र स्वाभिमान सभा मुंबई के बीकेसी में आयोजित की गई थी। इस सभा को जनता से जबरदस्त प्रतिसाद मिला। इस सभा में राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने महायुति सरकार पर जोरदार हमला किया। साथ ही महाविकास आघाड़ी सरकार आने पर किसानों के लिए `कृषि समृद्धि योजना’ लागू की जाएगी। इस योजना के तहत किसानों का ३ लाख रुपए तक का कर्ज माफ होगा, इसके साथ ही नियमित रूप से कर्ज चुकाने वाले किसानों को ५० हजार रुपए देने का एलान शरद पवार ने इस सभा में किया।
शरद पवार ने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने महाविकास आघाड़ी को राज्य की ४८ में से ३१ सीटों पर जीत दिलाई है। जनता द्वारा दी गई ये शक्ति जनता की बदौलत देश की राजनीति में दिखाई देती है। अभी विधानसभा चुनाव चल रहे हैं। अब यह तय करने का समय आ गया है कि इस राज्य को वैâसे चलाया जाए और इसे किसके हाथों में सौंपा जाए? ऐसा सवाल शरद पवार ने उपस्थित किया। पिछले पांच वर्षों में ढाई साल का उद्धव ठाकरे के कार्यकाल को छोड़कर सभी सत्ताधारियों ने राज्य को पीछे धकेल दिया है। शरद पवार ने महायुति सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि महाराष्ट्र में कभी ऐसे हालात नहीं थे।
भाजपा पर हमला बोलते हुए पवार ने कहा कि महाविकास आघाड़ी सरकार को उखाड़कर भाजपा ने सरकार बनाई। परिणामस्वरूप राज्य पीछे पहुंच गया। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से राज्य के उद्योग अन्य राज्य में ले जाए गए। युवाओं का रोजगार छीन लिया गया। प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित हैं। शिक्षा को लेकर कई समस्याएं हैं। शिक्षा क्षेत्र में भ्रष्टाचार चल रहा है। राज्य में हर क्षेत्र में गिरावट आई है। छत्रपति शिवाजी महाराज देश के गौरव के प्रतीक हैं। इसके बावजूद भ्रष्टाचार के कारण सिंधुदुर्ग में छत्रपति की मूर्ति ढह गई। राज्य में छत्रपति की कई प्रतिमाएं १०० साल से खड़ी हैं। सिंधुदुर्ग में मूर्ति के काम में भ्रष्टाचार हुआ है, ऐसा भी शरद पवार ने कहा। शरद पवार ने आगे कहा कि महाविकास आघाड़ी सरकार आने पर कृषि समृद्धि योजना लागू की जाएगी। इस योजना के तहत ३ लाख रुपए तक का कर्ज माफ किया जाएगा। नियमित रूप से कर्ज चुकाने वाले किसानों को ५० हजार रुपए दिए जाएंगे। किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। अन्नदाता को बचाने के लिए महाविकास आघाड़ी सरकार को लाना जरूरी है। आम लोगों की सरकार लाने के लिए महाविकास आघाड़ी सरकार को लाना होगा। शरद पवार ने यह भी आश्वासन दिया कि महाविकास आघाड़ी सरकार एक ऐसी सरकार देगी, जो महंगाई से छुटकारा दिलाएगी, बेरोजगारी कम करने का प्रयास करेगी, महिलाओं की रक्षा करेगी, पिछड़ा और आदिवासी समाज सम्मान के साथ जी सकेगा।