मुख्यपृष्ठनए समाचार`शिंदे-फडणवीस सरकार ने महाराष्ट्र को गिरवी रख दिया' -नाना पटोले

`शिंदे-फडणवीस सरकार ने महाराष्ट्र को गिरवी रख दिया’ -नाना पटोले

सामना संवाददाता / मुंबई
एकनाथ शिंदे-भाजपा सरकार ने महाराष्ट्र को गुजरात के पास गिरवी रख दिया है, नौकरियों की भर्ती बंद कर दी है, पवित्रा पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को धोखा दिया जा रहा है। मोदी-शाह महाराष्ट्र को एटीएम समझकर लूट रहे हैं और यह लड़ाई महाराष्ट्र को लूटने वाले और गिरवी रखने वाली सरकार के खिलाफ है। ऐसा जोरदार हमला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने महायुति और भाजपा पर किया। बीकेसी में आयोजित स्वाभिमान सभा में बोलते हुए नाना पटोले ने कहा कि शिंदे-भाजपा सरकार ने हाल ही में १० सूत्रीय कार्यक्रम की घोषणा की, लेकिन ढाई साल सत्ता में रहते हुए उन्होंने ये १० सूत्र क्यों नहीं घोषित किए? २०१४ से २०१९ के दौरान फडणवीस को ऐसे १० सूत्र घोषित करने का विचार क्यों नहीं आया? हमें अपने महाराष्ट्र को महाराष्ट्र विरोधी और छत्रपति शिवाजी महाराज विरोधी लोगों से बचाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि इस सभा के जरिए २० तारीख के चुनाव का का बिगुल फूंका गया है। शिंदे-भाजपा सरकार ने महाराष्ट्र को गुजरात के पास गिरवी रख दिया है, राज्य में बेरोजगारों के लिए नौकरियों की भर्ती बंद कर दी है, पवित्रा पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को धोखा दिया जा रहा है। केंद्र में बैठे मोदी-शाह महाराष्ट्र को एटीएम समझकर लूट रहे हैं, और यह लड़ाई उनके खिलाफ है। उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस ने लाल रंग को नक्सलवादियों से जोड़कर हिंदुओं का अपमान किया है। पुलिस विभाग में सेवानिवृत्त अधिकारी को सेवा विस्तार दिया जा रहा है। क्या पुलिस विभाग में और सक्षम अधिकारी नहीं हैं? चुनाव के समय पुलिस विभाग का उपयोग करने के लिए भाजपा यह सब कर रही है। लगातार चुनाव आयोग से शिकायत के बाद जाकर पुलिस महानिदेशक को बदला गया। उन्होंने कहा कि झारखंड और पश्चिम बंगाल में एक कानून और महाराष्ट्र में दूसरा क्यों? पुलिस विभाग का उपयोग करके चुनाव जीतने की कोशिश हो रही है, लेकिन हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। महाराष्ट्र की स्वाभिमानी जनता लोकसभा से भी ज्यादा बहुमत से महाविकास आघाड़ी सरकार को चुनेगी, ऐसा विश्वास पटोले ने व्यक्त किया।

अन्य समाचार