मुख्यपृष्ठनए समाचारफडणवीस का प्रमोशन, शिंदे का डिमोशन! ...नारायण राणे, अशोक चव्हाण का भी...

फडणवीस का प्रमोशन, शिंदे का डिमोशन! …नारायण राणे, अशोक चव्हाण का भी हुआ था डिमोशन

सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों का इतिहास रहा है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका डिमोशन होता है। जिसमें प्रमुख रुप से देवेंद्र फडणवीस, नारायण राणे, अशोक चव्हाण के बाद एकनाथ शिंदे का नंबर है, जिसका डिमोशन होगा। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को कुर्सी छोड़नी पड़ेगी। हालांकि उक्त मुख्यमंत्रियों में देवेंद्र फडणवीस सबसे लकी हैं, जिनका डिमोशन के बाद अब प्रमोशन होगा। नई सरकार में एकनाथ शिंदे के डिप्टी सीएम बनने की चर्चा है। हालांकि, महाराष्ट्र की सियासत में यह पहली बार नहीं है, जब किसी मुख्यमंत्री के डिमोशन होने की चर्चा है। मुख्यमंत्री रहे ३ नेता पहले भी अपना डिमोशन लेकर वैâबिनेट में शामिल हो चुके हैं। इनमें देवेंद्र फडणवीस, अशोक चव्हाण और नारायण राणे के नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं। नारायण राणे की १९९५ के महाराष्ट्र चुनाव में शिवसेना और बीजेपी की सरकार बनी तो मुख्यमंत्री की कुर्सी शिवसेना के खाते में गई। मनोहर जोशी मुख्यमंत्री बनाए गए, लेकिन जल्द ही हिंदूहृदयसम्राट माननीय बालासाहेब ठाकरे ने यह कुर्सी नारायण राणे को सौंप दी। राणे १९९९ तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन कांग्रेस और एनसीपी की हार के बाद वे अलग-थलग पड़ गए। २००५ में राणे शिवसेना से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हुए। २०१० में पृथ्वीराज चव्हाण की सरकार में राणे को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई।सरकार में राणे के पास उद्योग, खनन विभाग थे। २०१७ में राणे ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थाम लिया। २०२१ में राणे को केंद्र की सरकार में मंत्री बनाया गया। वर्तमान में राणे लोकसभा सांसद हैं।
अशोक चव्हाण का भी हुआ डिमोशन
२००८ में विलासराव देशमुख के इस्तीफा देने के बाद अशोक चव्हाण को मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंपी गई। २००९ में सरकार जब बनी तब भी चव्हाण को ही सीएम की कुर्सी मिली, लेकिन आदर्श घोटाला में नाम सामने आने के बाद उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। अशोक चव्हाण की जगह पृथ्वीराज चव्हाण मुख्यमंत्री बनाए गए। २०१९ में उद्धव ठाकरे की सरकार में कांग्रेस कोटे से अशोक चव्हाण मंत्री बनाए गए।
मुख्यमंत्री से कैबिनेट में डिमोशन वाले नेताओं की लिस्ट में देवेंद्र फडणवीस का भी नाम शामिल है। २०१४ और २०१९ में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले देवेंद्र फडणवीस २०२२ में शिंदे सरकार में डिप्टी सीएम बनाए गए। अब एकनाथ शिंदे के डिमोशन की चर्चा है, उन्हें भी डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा है।

अन्य समाचार