-तीनों दागी नेताओं पर लगे हैं भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
-नए मंत्रिमंडल में जगह मिलने की उम्मीद काफी कम
सुनील ओसवाल / मुंबई
आज देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे हैं। नई सरकार में शिंदे गुट के भी चेहरे मंत्री के रूप में शामिल होनेवाले हैं। मगर शिंदे गुट के तीन पुराने मंत्रियों का पत्ता कट सकता है, क्योंकि उनके ऊपर रिपोर्ट कार्ड की तलवार लटक रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन तीन मंत्रियों में संजय राठौड़, अब्दुल सत्तार और तानाजी सावंत के नाम शामिल हैं। इनके मंत्री बनने पर संकट मंडरा रहा है। विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली है कि महायुति की नई सरकार में दागी चरित्र और भ्रष्टाचार के आरोपी पूर्व मंत्रियों के शामिल नहीं किए जाने की पूरी संभावना है। बता दें कि संजय राठौड़ पर बंजारा समुदाय की एक युवती की आत्महत्या मामले में गंभीर आरोप है। इसी तरह अब्दुल सत्तार पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे हैं। इन आरोपों की जांच के लिए एक कमेटी नियुक्त की गई है। तानाजी सावंत के विभाग के कामकाज में वित्तीय गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। ऐसे में इन तीन मंत्रियों के नए मंत्रिमंडल में शामिल होने पर अनिश्चय के बादल मंडरा रहे हैं।