मुख्यपृष्ठनए समाचारमहिला कर्मचारियों के उत्पीड़न के आरोप में मनपा के दो कर्मचारी निलंबित!...

महिला कर्मचारियों के उत्पीड़न के आरोप में मनपा के दो कर्मचारी निलंबित! …विशाखा समिति का सख्त फैसला

सामना संवाददाता / भायंदर
मीरा भायंदर महानगरपालिका में महिला कर्मचारियों के यौन उत्पीड़न और आपत्तिजनक व्यवहार के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो पुरुष कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। यह निर्णय महानगरपालिका की विशाखा समिति की गहन जांच के बाद लिया गया।
महानगरपालिका में महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशाखा समिति का गठन किया गया है। इस समिति के तहत महिलाओं से जुड़े उत्पीड़न के मामलों की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाती है। समिति ने १ जनवरी २०२४ से ३० नवंबर २०२४ के बीच दो गंभीर मामलों का निपटारा किया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की है।
मनपा के आवक-जावक विभाग में कार्यरत एक स्थायी कर्मचारी ने अपनी महिला सहकर्मी को अश्लील तस्वीरें भेजी थीं। इस मामले की शिकायत महिला ने विशाखा समिति से की। जांच में आरोपी ने अपने गलत इरादों को स्वीकार किया। समिति ने आरोपी कर्मचारी को तत्काल निलंबित कर दिया और उसे मानसिक स्वास्थ्य जांच के लिए मनोचिकित्सक के पास भेज दिया है। वहीं दूसरा मामला मनपा के मेडिकल विभाग में एक अनुबंधित कर्मचारी पर महिला सहकर्मी के यौन और मानसिक उत्पीड़न का आरोप था। समिति ने गहन जांच के बाद दोषी पाए गए कर्मचारी को तुरंत बर्खास्त कर दिया। साथ ही पीड़ित महिला कर्मचारी का स्थानांतरण किसी अन्य विभाग में कर दिया गया।

अन्य समाचार