श्रीकिशोर शाही
मुंबई
मां को ममता की मूरत कहा जाता है, पर अगर कहीं पर यही मां अपने बच्चे को ही मार डाले तो फिर यही कहा जाएगा कि ममतामयी मां, कातिल बन गई। हाल ही में राजस्थान पुलिस ने करौली जिले में एक नवविवाहित दंपति के मर्डर में मां को गिरफ्तार किया है। इस कत्ल की वजह भी अजीब है। मां का आरोप है कि उसका बेटा और बहू दोनों ही चरित्रहीन थे। बेटे का किसी और औरत व बहू का किसी दूसरे पुरुष के साथ चक्कर चल रहा था। इससे मां को यह डर सताने लगा कि अगर यह बात सबको पता चल जाएगी तो बड़ी बदनामी होगी। उसके समझाने पर भी जब दोनों नहीं माने तो फिर मां ने अपने भाई के साथ मिलकर यह खौफनाक कदम उठा लिया और दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ऐसा नहीं है कि मां द्वारा अपने बच्चों की हत्या का यह कोई पहला मामला है। ऐसी कई घटनाएं हुई हैं। इनमें करीब ५ साल पहले शहडोल की घटना काफी हैरान करनेवाली थी।
रविवार १८ अगस्त, २०१९ का दिन। सुबह के ७ बज रहे थे। शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र कोनी का एक घर। अचानक वहां रहनेवाली गुड्डन नाम की महिला उठी और उसने कुल्हाड़ी उठाकर अपने दो छोटे बच्चों पर दनादन वार करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों बच्चे रक्तरंजित होकर जमीन पर गिर पड़े और उनके प्राण-पखेरू उड़ गए। इसके बाद कातिल मां ने उनके शव के टुकड़े आंगन के साथ ही घर के बाहर भी फेंक दिए। मृत बच्चों में १० वर्षीय काजल बैगा और ५ वर्षीय राहुल बैगा शामिल थे। बच्चों का पिता मुन्ना बैगा सुबह छह बजे शौच के लिए नदी की ओर गया था। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो घर का नजारा देखकर पागल सा हो गया। उसके दोनों प्यारे बच्चों की नृशंस हत्या हो चुकी थी। यह देखकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। शोर सुनकर वहां गांव के लोग जमा हो गए। इसके बाद लोगों ने घर का दरवाजा खटखटाया तो गुड्डन ने दरवाजा खोलने से मना कर दिया। इस बीच लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी गुड्डन से दरवाजा खुलवाने की कोशिश की पर सफल नहीं हुई। जब गुड्डन ने दरवाजा नहीं खोला तो घर के छप्पर से पुलिस घर के अंदर घुसी और गुड्डन को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में मुन्ना बैगा ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह पिछले कई महीनों से अजीब हरकतें कर रही है, इसी दौरान उसने यह कांड कर डाला।