१०० बस के भी इंतजार में हैं नागरिक
अनिल मिश्रा / उल्हासनगर
उल्हासनगर के लोगों को सस्ती बस सेवा देने के लिए कटिबद्ध उल्हासनगर ममपा प्रशासन ने दस सामान्य बस सेवा के बाद जल्द ही अब दस वातानुकूलित बस सेवा भी शुरू करने जा रही है। वैसे उल्हासनगर की संकरी सड़कों पर छोटी बसों को जैसे-तैसे चलाया जाता है। अब बड़ी वो भी वातानुकूलित बस सेवा की शुरुआत की गई है। इसका लाभ उल्हासनगर, कल्याण, अंबरनाथ, बदलापुर के लोगों को मिलेगा, ऐसी जानकारी मनपा प्रशासन की तरफ से दी गई है। हालांकि मनपा के इस वादे पर लोगों को भरोसा नहीं हो पा रहा है।
बता दें कि उल्हासनगर मनपा के द्वारा लोकसभा चुनाव को देखते हुए दस मार्च २०२४ को दस ३३ सीट की बिजली से चलने वाली बस की शुरुआत की गई। वैसे शहर की सकरी सड़क के कारण छोटी बस के परिचालन मे काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। यहां की संकरी सड़कों एवं सड़कों पर की गई पार्विंâग के कारण पचास मिनट में निश्चित स्थान पर बस नहीं पहुंच पा रही है, जिसके कारण बस यात्री काफी परेशान व आक्रोशित दिखाई दे रहे हैं। अब ४३ सीट वाली पांच वातानुकूलित बस सेवाएं ५ दिसंबर २०२४ से शुरू की गई हैं। उल्हासनगर मनपा के वाहन विभाग प्रमुख विनोद केने ने बताया कि वातानुकूलित पांच बस का ट्रायल ५ दिसंबर २०२४ से शुरू है। एक सप्ताह तक ट्रायल लिया जा रहा है। जल्द ही पांच और वातानुकूलित बस आने वाली हैं। बस की देरी को रोकने के लिए जल्द ही सड़क से पार्किंग को हटाने को लेकर यातायात पुलिस के साथ बैठक कर चर्चा किया जाएगा। बस को चलाने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से १०० बस निकट भविष्य में आने वाली है। वातानुकूलित बस का रूट व भाड़ा जल्द ही घोषित किया जाएगा। वातानुकूलित बस सेवा महामार्ग से उल्हासनगर, कल्याण, अंबरनाथ, बदलापुर तक चलाने का प्रस्ताव है। वातानुकूलित बस सेवा का लाभ लोगों को मिलेगा।