सामना संवाददाता / मुंबई
एक प्रसिद्ध डांस ग्रुप के नाम और ट्रेडमार्क के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। आरोप है कि दूसरे डांस ग्रुप ने इस नाम और ट्रेडमार्क का गलत इस्तेमाल कर देश-विदेश में विभिन्न डांस प्रतियोगिताओं में भाग लिया और आर्थिक लाभ कमाया। इस मामले में ग्रुप के संस्थापक ओमप्रकाश चौहान ने उनके साथ मारपीट और धमकी देने का भी आरोप लगाया है। इस मामले में मीरा रोड पुलिस थाने में महेश मोरे सहित २९ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और मारपीट का केस दर्ज कराया गया है।
इस ग्रुप ने २०१९ में `डांस प्लस सीजन ४’ में चौथा स्थान प्राप्त किया और इसके बाद अमेरिका के प्रसिद्ध शो `अमेरिका गॉट टैलेंट सीजन १४’ में भाग लिया। यहां उन्होंने बड़ी सफलता हासिल करते हुए शो में पहला स्थान प्राप्त किया। ग्रुप को शो में भाग लेने के लिए धन की आवश्यकता थी, जिसके लिए चौहान ने अपनी मोटरसाइकिल बेचकर और उधारी लेकर पासपोर्ट और वीजा बनवाया था। आरोप है कि २०२१ में महेश मोरे को ग्रुप का मैनेजर नियुक्त किया गया, लेकिन समय के साथ महेश ने ग्रुप के सोशल मीडिया एकाउंट्स और ईमेल के पासवर्ड बदल दिए। २०२४ में महेश ने ग्रुप छोड़ दिया और २५ अन्य सदस्यों के साथ मिलकर `विकास अनबीटेबल ड्रीम टीम एलएलपी’ नामक एक नया डांस ग्रुप शुरू किया। इसके बाद महेश और उसके सहयोगियों ने `वी अनबीटेबल’ के नाम और ट्रेडमार्क का इस्तेमाल कर कतर (दोहा) जैसे स्थानों पर शो किए। वी अनबीटेबल ग्रुप के मालिक ओमप्रकाश चौहान ने बताया कि कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा और उन्हें बदनाम करने के लिए साजिश की जा रही है। महेश मोरे नामक व्यक्ति ग्रुप के सभी लोगों को गुमराह कर रहा है। पुलिस का कहना है कि दोषियों पर जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पहले इसी ग्रुप के कुछ सदस्यों ने चौहान और कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा व उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा पर भी धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।