– बिहार के नवादा की अजब घटना
– ९ गिरफ्तार, एक महिला भी शामिल
सामना संवाददाता / पटना
बिहार में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। कब क्या हो जाए, यह किसी को पता नहीं होता है। इतना ही नहीं, आपराधिक घटनाओं की पुलिस प्रशासन को भी खबर नहीं हो पाती है। ऐसी ही एक हैरान कर देने वाली घटना बिहार के नवादा में सामने आई है। साइबर अपराधियों की ऐसी करामात कि कोई भी दांतों तले उंगली दबा ले। हद तो तब हो गई, जब साइबर ठगों ने जालसाजी की नीयत से नवादा की साइबर डीएसपी प्रिया ज्योति को ही फोन लगा दिया और आरोपी यहीं फंस गए। हालांकि, साइबर डीएसपी ने ९ ठगों को गिरफ्तार कर लिया। इस गिरोह में एक महिला भी शामिल है। इस घटना की जानकारी पुलिस ने रविवार को दी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए ठगों में शामिल अमित कुमार और पुष्पांजय ने साइबर डीएसपी के मोबाइल पर फोन कर लोन दिलाने का झांसा दिया। ये दोनों आरोपी रिश्ते में जीजा-साले लगते हैं। डीएसपी ने भी लोन के लिए आराम से बात की और कहा कि उन्हें पांच लाख रुपए का लोन चाहिए। डीएसपी की बातों में आकर खुद ही जालसाज फंस गए। इसके बाद साइबर टीम ने पूरा प्लान बनाकर आरोपियों को दबोच लिया।