सामना संवाददाता / नई दिल्ली
गुजरात में निर्भया जैसी शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक बच्ची से दुष्कर्म के बाद प्राइवेट पार्ट में रॉड डालकर गंभीर चोटें पहुंचाई गई हंै। यह घटना गुजरात के जुकानिया की है, जहां एक दस साल की बच्ची के साथ एक महीने पहले आरोपी विजय पासवान ने दुष्कर्म किया था। बदनामी के डर से परिजनों ने इसकी शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। इस घटना के एक महीने बाद फिर आरोपी ने उसी बच्ची के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। जांच में पता चला कि पीड़िता के प्राइवेट पार्ट में रॉड डाली गई है। अब मासूम बच्ची जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। आरोपी का नाम विजय पासवान है। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी विजय ने भरूच के प्रवासी मजदूर परिवार की १० साल की बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया। जानकारी के अनुसार, आरोपी और पीड़िता दोनों मूलरूप से झारखंड के रहने वाले हैं। झारखंड सरकार की टीम वडोदरा पहुंची थी, जिसमें झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह सयाजी अस्पताल पहुंचीं। झारखंड सरकार ने पीड़िता को ४ लाख रुपए का चेक और तत्काल इलाज के लिए ५० हजार रुपए का चेक दिया। साथ ही दीपिका पांडे सिंह ने कहा, ‘अगर बच्ची को आगे इलाज की जरूरत पड़ती है तो झारखंड सरकार पीड़िता को एयरलिफ्ट करने के लिए भी तैयार है।’