भारत के पूर्व स्टार क्रिकेटर एमएस धोनी पर संकट मंडराने लगा है। दरअसल, झारखंड में धोनी के हरमू (रांची) स्थित आवास में पैथोलॉजी सेंटर लैब खोलने की तैयारी की सूचना पर झारखंड राज्य आवास बोर्ड ने जांच बिठा दी है। बकौल बोर्ड, खेल के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर धोनी को आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराया गया था। लेकिन अब उसमें एक पैथोलॉजी खुलने की सूचना मिली है, जिसे लेकर आवास बोर्ड धोनी को नोटिस भेजने की तैयारी कर रहा है। झारखंड राज्य आवास बोर्ड के मुताबिक, हाउसिंग प्रॉपर्टी खासतौर पर रहने के लिए दी जाती है, उसे आप कमर्शियल तौर पर इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं। यह अवैध है। इस पर हम नोटिस भी भेज सकते हैं और नोटिस का जवाब न मिले तो हम कार्रवाई भी कर सकते हैं। ऐसे में अब देखना यह दिलचस्प होगा कि अगर वे अपने रेजिडेंशियल घर का इस्तेमाल कमर्शियल के लिए करते हैं तो उन पर क्या कार्रवाई हो सकती है।