आम जनता का क्या होगा
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया है। नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र में जंगलराज स्थापित हो गया है। देश की राजधानी दिल्ली में महाराष्ट्र को जंगलराज के रूप में चर्चा का विषय बनना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता के लिए दहशत का माहौल बनाया है। राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। मुंबई में सेलिब्रिटी सुरक्षित नहीं हैं, गांवों में सरपंच सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा? राज्य में अपराधियों को पुलिस का कोई डर नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि अगर मंत्रिमंडल के ६५ प्रतिशत मंत्री गंभीर मामलों के आरोपी हैं, तो राज्य की कानून व्यवस्था का हाल ऐसा ही होगा। लेकिन यह स्थिति कब बदलेगी।
समस्याओं पर सरकार का ध्यान नहीं
किसानों को फसलों का उचित दाम नहीं मिल रहा है। किसानों की आत्महत्याएं बढ़ रही हैं। युवा बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं। महंगाई आसमान छू रही है। पटोले ने जनता से अपील की कि वह जाति-धर्म के विवादों में न फंसे और सरकार के खिलाफ आवाज उठाए।
उन्होंने कहा कि अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले, मस्साजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या और परभणी के सोमनाथ सूर्यवंशी की पुलिस पिटाई से हुई मौत जैसी घटनाओं को जाति और धर्म से जोड़कर देखना गलत है। छत्रपति शिवाजी महाराज के महाराष्ट्र में जाति और धर्म के भेदभाव की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। मराठा-ओबीसी विवाद भाजपा सरकार द्वारा उत्पन्न किया गया है, जिससे जनता के असली मुद्दे पीछे छूट गए हैं।
जनता के पैसों की बर्बादी न करें सीएम
महाराष्ट्र में विदेशी निवेश आकर्षित करने का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कल सुबह मुंबई से दावोस रवाना होंगे। लेकिन उनके इस दौरे को लेकर विपक्ष जमकर चुटकी ले रहा है और जनता के पैसे बर्बाद करने का आरोप लगा रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दावोस दौरे को लेकर कांग्रेस ने कहा कि महाराष्ट्र औद्योगिक क्षेत्र में नंबर १ पर है, यह दावा भाजपा सरकार करती है, लेकिन सच्चाई अलग है। निवेश के नाम पर जनता के पैसों की बर्बादी न करें।