अनिल मिश्र / रांची
रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने के बाद मोहम्मदगंज के राजस्व निरीक्षक को उपायुक्त ने किया सस्पेंड…भ्रष्ट अंचल कर्मचारियों में हड़कंप
पलामू जिले के मोहम्मदगंज अंचल के राजस्व निरीक्षक मुकेश कुमार को पलामू के उपायुक्त शशिरंजन ने निलंबित कर दिया है। राजस्व निरीक्षक पर जमीन का दाखिल-खारिज करने के मामले में रिश्वत लेने का आरोप है। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर ट्वीट करके इसकी जानकारी दी थी। मुख्यमंत्री ने पलामू के डीसी शशिरंजन को मामले की जांच करके रिपोर्ट देने को कहा था। पलामू डीसी ने हुसैनाबाद अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) गौरांग महतो से मामले की जांच करने को कहा। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर पलामू डीसी ने राजस्व निरीक्षक मुकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
एक अकाउंट और 94-95 लोगों के नाम से आवेदन…ऐसे हो रहा मंईयां सम्मान के लिए फर्जीवाड़ा
झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ लेने के लिए बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा हुआ है। बंगाल के लोग झारखंड की महिलाओं का हक मार रहे हैं और फर्जी तरीके से आवेदन करके मंईयां सम्मान योजना का लाभ ले रहे हैं।एक-एक बैंक अकाउंट से मंईयां सम्मान के 94-95 आवेदन किए गये हैं। जी हां, बंगाल के यूसुफ के बाद अब सूफनी खातून का मामला सामने आया है। यूसुफ ने 95 आवेदन किए थे। सूफनी खातून के बैंक अकाउंट से मंईयां सम्मान के 94 आवेदन लिंक हैं। इसके पहले यूसुफ का मामला सामने आया था। उसके बैंक अकाउंट से 95 आवेदन जुड़े थे। यूसुफ और सूफनी खातून दोनों ने पलामू जिले के सीएससी (प्रज्ञा केंद्र) से आवेदन किए थे। इसके बाद सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के भौतिक सत्यापन के दौरान इसका खुलासा हुआ है। योजना का लाभ लेने के लिए फर्जीवाड़ा के हर दिन नए उदाहरण सामने आ रहे हैं।
चतरा से कोडरमा जा रही बस बरही में दुर्घटनाग्रस्त…एक की मौत, सात घायल
चतरा से कोडरमा जा रही एक बस शुक्रवार को सुबह-सुबह हजारीबाग जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और सात अन्य घायल हो गए। दुर्घटना हजारीबाग के बरही ओवरब्रिज के पास हुई है। चतरा से कोडरमा जा रही बस और पिकअप वैन की टक्कर में बसे उपचालक की मौत हो गई। घायल हुए सभी सातों लोगों को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां सभी का इलाज चल रहा है। मृतक विजय राम बस वाहन का उपचालक था। वह झुमरी तिलैया का रहने वाला था। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।
हजारीबाग में जंगली हाथियों के झुंड ने किसान को पटककर मार डाला
हजारीबाग जिले में हाथियों के एक झुंड ने एक किसान को पटककर मार डाला है। घटना जिले के सदर प्रखंड में हुई है। बहेरी पंचायत के चानो गांव में हाथियों के झुंड ने कल रात को करीब 1 बजे किसान छोटू महतो को मार डाला। पुलिस ने 57 वर्षीय छोटू महतो पिता सोमर महतो के शव को अपने कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी चानो गांव पहुंच गई है।