मुख्यपृष्ठनए समाचारधनंजय मुंडे कर गए खेल दमानिया का दांव हुआ फेल! ...सीएम से...

धनंजय मुंडे कर गए खेल दमानिया का दांव हुआ फेल! …सीएम से मुखातिब होने से बचने के लिए दोनों आंखों का ऑपरेशन एक साथ करवाया

सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य के वरिष्ठ मंत्री धनंजय मुंडे पर समाजसेविका अंजलि दमानिया ने भ्रष्टाचार के कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बीड जिले में सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के मामले में आरोपी वाल्मीक कराड के साथ मुंडे की साठगांठ का आरोप लगाते हुए सबूत पेश किए हैं। इतना ही नहीं, मुंडे के खिलाफ सबूतों का पूरा बंडल सीएम देवेंद्र फडणवीस के पास सौंपा है। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक कल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में संपन्न हुई। माना जा रहा था कि मुंडे के खिलाफ सबूतों के आधार पर सीएम फडणवीस मुंडे पर कार्रवाई कर सकते हैं, लेकिन इस बार भी दमानिया का दांव नहीं चला। धनंजय मुंडे ने अपनी दोनों आंखों का ऑपरेशन करा लिया है। जाने-माने नेत्र चिकित्सक डॉक्टर टीपी लहाने से अपनी दोनों आंखों का ऑपरेशन एक साथ मुंडे ने करवाया है। इस मामले में डॉक्टर टीपी लहाने ने एक बयान जारी कर मीडिया को बताया है कि धनंजय मुंडे की दोनों आंखों का ऑपरेशन किया गया है और उन्हें अगले १५ से २० दिनों तक सामाजिक और भीड़भाड़ की जगह पर नहीं जाने की हिदायत गई है।
मंत्रिमंडल की बैठक में मंत्री धनंजय मुंडे की अनुपस्थिति सबसे ज्यादा चर्चा में रही, क्योंकि सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने मंत्रिमंडल की बैठक में ही धनंजय मुंडे का इस्तीफा मांगा था। पर, धनंजय ने भी अपना दांव चला और स्वास्थ्य की समस्या बताते हुए सीएम के सामने ही नहीं गए। उनके स्वास्थ्य को देखते हुए यह मामला अब १५ से २० दिनों के लिए ठंडा पड़ जाएगा।
बता दें कि दमानिया ने दावा किया है कि वाल्मीक कराड के डायरेक्टर पद पर रहने वाली कंपनी में मंत्री धनंजय मुंडे और उनकी पत्नी राजश्री मुंडे सह-भागीदार (सह-होल्डर) रहे हैं। मुंडे और कराड कई बिजनेस में पार्टनर हैं। अंजलि दमानिया ने बताया है कि वेंकटेश्वर इंडस्ट्रीयल सर्विसेज नाम की कंपनी के मेजोरिटी शेयरहोल्डर धनंजय मुंडे और राजश्री मुंडे हैं। पहले इस कंपनी के डायरेक्टर वाल्मीक कराड थे और आज भी वे शेयरहोल्डर हैं। यह कंपनी फ्लाई ऐश बेचती है? उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि महाजेनको को, जो महाराष्ट्र राज्य विद्युत मंडल की पूर्ण स्वामित्व वाली उपकंपनी है, उससे एक मंत्री वैâसे आर्थिक लाभ ले सकता है? दमानिया ने आरोप लगाया है कि मंत्री पद पर रहते हुए धनंजय मुंडे ने एक ऐसी कंपनी से फायदा उठाया, जो राज्य की सरकारी उपकंपनी से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि नैतिकता के आधार पर धनंजय मुंडे को तत्काल इस्तीफा सौंप देना चाहिए। उन्होंने इससे जुड़े दस्तावेज गृहमंत्री और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी सौंपे हैं और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

अन्य समाचार