सामना संवाददाता / मुंबई
बीड के व्यापारी महादेव मुंडे की हत्या के मामले में शत-प्रतिशत आका का संबंध होने का गंभीर आरोप भाजपा विधायक सुरेश धस ने लगाया है। उन्होंने कहा है कि जिन लोगों ने महादेव मुंडे को मारा, वे गुंडे `आका’ यानी बाल्मीक कराड के बेटे के बॉडीगार्ड के रूप में घूमते थे। अब वे बॉडीगार्ड अचानक कहां गए? आका के बेटे के आस-पास वे नहीं हैं। उन्हें पकड़ा जाना चाहिए। महादेव मुंडे की पत्नी अनशन पर बैठी हैं। यह बात हमारे लिए शर्मनाक है। उस मां के सामने अनशन पर बैठने की नौबत नहीं आनी चाहिए थी। महादेव मुंडे की हत्या को अब १५ महीने हो चुके हैं। उनके हत्यारों को पकड़ा जाना चाहिए। जिस दिन से डीवाईएसपी को जांच सौंपी गई है, उस दिन से १२ से १५ लोग परली से गायब हैं। एसपी और डीवाईएसपी को उन्हें पकड़कर लाना चाहिए और जेल में डालना चाहिए। इस तरह की मांग विधायक सुरेश धस ने की। धस ने कहा कि महादेव मुंडे के मामले में मैंने आरोपियों के नाम की सूची दी है। इस संबंध में एसपी को विस्तृत पत्र दिया गया है। क्या-क्या हुआ है, किन-किन के मोबाइल डिटेक्ट किए जाने चाहिए, किन-किन के सीडीआर चेक किए जाने चाहिए, इससे जुड़ा पत्र एसपी नवनीत कावत को दिया गया है।