-गायत्री परिवार, भाजयुमो व गोमती मित्र आदि अनेक संगठनों ने चलाए अनवरत भंडारे व खोले रैन बसेरे
विक्रम सिंह / सुलतानपुर
१४४ वर्षों बाद आए महाकुंभ पर्व में अमृत स्नान की आकांक्षा लेकर पहुंच रहे करोड़ों श्रद्धालुओं का ज्वार प्रयागराज के चहुंओर बसे नगरों में उमड़ रहा है। कुंभ स्नान के बाद काशी और अयोध्या धर्मनगरियों में भी प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर और ज्ञानवापी के दर्शन करके लौटने की उत्कंठा श्रद्धालुओं के मन में हिलोरें मार रही हैं। लाखों वाहनों का कारवां सड़कों को ठसाठस कर चुका है। माघ पूर्णिमा का स्नान हो जाने के बावजूद प्रयागराज से बरास्ते सुलतानपुर..अयोध्या और काशी को जाने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं का अथाह समुंदर हिलोरें ले रहा है। गुरुवार को इन श्रद्धालुओं के सत्कार को ही पुण्य प्राप्ति का मार्ग मानकर सुलतानपुरवासी इनकी सेवा में उतर पड़े। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष चंदन नारायण सिंह अपनी टीम लेकर चार सौ केवी पॉवर हाउस से लेकर अयोध्या बाईपास तक जाम में फंसे सभी श्रद्धालुओं के भोजन और जलपान के इंतजाम में जुटे रहे। दैनिक क्रिया के लिए हाइवे के किनारे एक मैरिज लॉन भी खुलवाया गया है, जिसमें पश्चिम बंगाल, गुजरात व अन्य प्रदेश के यात्री खास कर महिलाओं की व्यवस्था की जा रही है। वहीं अखिल विश्व गायत्री परिवार ने गोमती मित्र मंडल आदि तमाम सामाजिक संगठनों के साथ महाकुंभ से अब अयोध्या दर्शन को निकल रहे विभिन्न राज्यों से आए लाखों श्रद्धालुओं के लिए पयागीपुर में गनपत सहाय कॉलेज परिसर में हाइवे के किनारे अनवरत भंडारा प्रारंभ कर दिया है, जिसके अगुवा शहर के जाने माने चिकित्सक डॉ. सुधाकर सिंह हैं। उनके साथ हाथ बंटा रहे हैं रमेश माहेश्वरी, रुद्रप्रताप सिंह मदन, अंकुरण फाउंडेशन के अभिषेक आदि।