सामना संवाददाता / मुंबई
शिंदे गुट को पसंदीदा कुछ भी न मिलने से महायुति सरकार में घमासान मच गया है। आलम यह है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिंदे के कार्यकाल में लिए गए पैâसलों की समीक्षा शुरू कर दी है। इससे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बेहद बेचैन हैं। इस पृष्ठभूमि पर चर्चा है कि शिंदे ने पुणे दौरे पर आए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से शनिवार सुबह चार बजे कोरेगांव पार्क में एक होटल में मुलाकात की है।
मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद से एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस के बीच शतरंज की बाजी चल रही है। मंत्री पद, पालकमंत्री पद, निजी सचिवों की नियुक्ति और महत्वपूर्ण फैसलों में फडणवीस ने शिंदे गुट को नजरअंदाज किया है। इससे शिंदे गुट परेशान हो गया है।
ऐसे में अब फडणवीस की बराबरी करने के लिए शिंदे ने समानांतर सरकार चलाने की कोशिश की है। इसके बाद फडणवीस ने भी कुछ हद तक कड़ा रुख अपनाना शुरू कर दिया है, जिससे शिंदे गुट में बेचैनी बढ़ गई है। इस बीच एकनाथ शिंदे ने शनिवार सुबह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से पुणे में मुलाकात की। इतनी सुबह शिंदे केंद्रीय गृहमंत्री शाह से मिलने क्यों गए? इस मुलाकात में वास्तव में क्या चर्चा हुई। इस बारे में जानने के लिए सभी उत्सुक दिखाई दे रहे हैं।