मुख्यपृष्ठस्तंभप्रोजेक्ट पड़ताल : मुंबई में ब्रिजों के निर्माण की सुस्त है रफ्तार!..मुंबईकरों...

प्रोजेक्ट पड़ताल : मुंबई में ब्रिजों के निर्माण की सुस्त है रफ्तार!..मुंबईकरों को करना पड़ेगा लंबा इंतजार

ब्रिजेश पाठक

मनपा ने दावा किया है कि इस वर्ष शहर के तीन ब्रिजों को सुचारु रूप से शुरू किया जाएगा। अंधेरी स्थित गोखले ब्रिज, विक्रोली ब्रिज एवं दक्षिण मुंबई के कर्णाक ब्रिज को मानसून से पहले खोलने का लक्ष्य रखा गया है। लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक, निर्माण कार्य में सुस्ती के कारण मनपा अपनी तय डेडलाइन से चूक सकती है।
मनपा के मुताबिक, अंधेरी स्थित गोखले ब्रिज के दूसरे हिस्से को ३० अप्रैल, विक्रोली ब्रिज को ३१ मई एवं कर्णाक ब्रिज को १० जून तक वाहनों की आवाजाही के लिए खोले जाने की योजना है। मनपा अपर आयुक्त अभिजीत बांगर ने बताया कि इन ब्रिजों के खुलने से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिल सकती है। बता दें कि कर्णाक ब्रिज मस्जिद बंदर, सैंडहर्स्ट रोड एवं मोहम्मद अली रोड के निवासियों की आवाजाही का प्रमुख माध्यम है। १५४ वर्ष पुराने इस पुल को असुरक्षित घोषित कर इसका पुन: निर्माण कार्य जारी है।
विक्रोली ब्रिज की डेडलाइन बढ़ाई गई है आगे
विक्रोली ब्रिज का कार्य वर्ष २०१८ में शुरू किया गया था। इसे पूरा करने का लक्ष्य जून २०२४ रखा गया था, लेकिन कार्य पूरा नहीं होने के कारण इसकी डेडलाइन को आगे बढ़ाकर अब मई २०२५ कर दिया गया है। हालांकि देखने वाली बात यह होगी कि क्या निर्माण कार्य समय पर पूरा होगा या फिर डेडलाइन को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा कर्णाक ब्रिज को खोलने का लक्ष्य १० जून रखा गया है। लेकिन स्थानीय आरटीआई कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह ब्रिज अपनी डेडलाइन से चूक सकता है।
जो ब्रिज हैं तैयार, उन्हें उद्घाटन का इंतजार
बता दें कि रे रोड केबल ब्रिज और घाटकोपर रमाबाई ब्रिज बनकर तैयार हैं लेकिन उद्घाटन न होने की वजह से इन्हें यातायात के लिए रोका गया है। इन पुलों के उद्घाटन में देरी को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सवाल किया है कि जब पुल बनकर तैयार हैं तो उद्घाटन में देरी क्यों।
कार्य पर मनपा की नजर
मनपा पूरी तरह से कार्य पर नजर बनाए हुए है। डेडलाइन मीट नहीं होने पर हम ठेकेदारों व मनपा के संबंधित विभाग के कर्मचारियों पर कार्रवाई करते हैं। ये तीनों ब्रिजों का कार्य पूरा होने पर मुंबई की यातायात व्यवस्था को नई गति मिल जाएगी।
– वरिष्ठ मनपा अधिकारी
ठेकेदारों को किया जाए ब्लैकलिस्ट
हिमायल ब्रिज गिरने के बाद मैंने मांग की थी कि मुंबई में जितने भी फ्लाईओवर, आरओबी, एफओबी हैं, उनका आईआईटी द्वारा ऑडिट कराया जाए और जल्द से जल्द पुलों की मरम्मत कराई जाए, मगर मनपा पुलों को तोड़कर समयसीमा के अंदर पूरा करने में असफल हो रही है, जिससे मुंबईकरों को यातायात जाम का सामना करना पड़ता है। समयसीमा के अंदर काम पूरा न करने वाले ठेकेदारों से ज्यादा से ज्यादा जुर्माना वसूलना चाहिए और उन्हें ब्लैकलिस्ट करना चाहिए।
-शकील अहमद शेख,
आरटीआई एक्टिविस्ट

अन्य समाचार