मुख्यपृष्ठनए समाचारमहिला सुरक्षा से भाग रही निर्लज्ज सरकार...गुलाबराव पाटील पर रोहिणी खडसे का...

महिला सुरक्षा से भाग रही निर्लज्ज सरकार…गुलाबराव पाटील पर रोहिणी खडसे का जोरदार पलटवार

सामना संवाददाता / मुंबई

शिंदे गुट के मंत्री गुलाबराव पाटील ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि महिलाओं को अपने पर्स में लिपस्टिक के साथ मिर्च पाउडर और चाकू भी रखना चाहिए, ताकि वे आत्मरक्षा के लिए तैयार रहें। उनके इस बयान को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की महिला प्रदेशाध्यक्ष रोहिणी खडसे ने गुलाबराव पाटील पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति नियत साफ न होने से ऐसे लोगों को महिला सुरक्षा पर बोलने का अधिकार नहीं।
उन्होंने कहा कि राज्य की सड़क की तुलना महिला (हेमा मालिनी) के गाल से करने वाले गुलाबराव को चुप ही रहना चाहिए। इस दौरान खडसे ने सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इनका कहना कि महिलाएं अपनी सुरक्षा खुद करें, इसका मतलब यह है कि सरकार उनकी सुरक्षा के लिए कुछ नहीं कर सकती। आप यह मानते हैं कि सरकार महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने में पूरी तरह विफल रही है। रोहिणी ने कहा कि यह निर्लज्ज सरकार महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भाग रही है।
महिलाओं के सम्मान पर बोलने का हक नहीं
रोहिणी खडसे ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि गुलाबराव पाटील सबसे पहले तो आपको महिलाओं के सम्मान पर बोलने का कोई हक नहीं है। क्योंकि इससे पहले भी आपने यह साबित कर दिया है कि महिलाओं के प्रति आपकी सोच कैसी है। आपने अपने ही क्षेत्र की सड़कों की तुलना हेमा मालिनी के गालों से की थी। इससे यह साफ है कि महिलाओं के प्रति आपके मन में कितना सम्मान है। अपनी नियत कितनी खराब है। उन्होंने आगे कहा कि हम महिलाओं को सुरक्षित माहौल दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है। यह कह कर कि महिलाएं खुद अपनी रक्षा करें। यह सरकार की असंवेदनशीलता को दर्शाता है।

अन्य समाचार