मुख्यपृष्ठनए समाचारमनपा चुनाव में धधकेगी मशाल...मुंबई गद्दारों के हाथ में गई तो अडानी...

मनपा चुनाव में धधकेगी मशाल…मुंबई गद्दारों के हाथ में गई तो अडानी के कब्जे में चली जाएगी!..संकल्प शिविर में गरजे आदित्य ठाकरे

सामना संवाददाता / मुंबई

‘मुंबई सिर्फ महाराष्ट्र की नहीं, बल्कि देश की आर्थिक राजधानी है। अगर यह हाथ से गई, तो इसे गुजरात नहीं, बल्कि सीधे अडानी के हवाले कर दिया जाएगा। यह महायुति सरकार मुंबई को बेचने पर तुली है। ऐसी जोरदार गर्जना शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष नेता आदित्य ठाकरे ने महायुति सरकार पर की। उन्होंने कहा कि हमें जात-पात और धर्म से ऊपर उठकर शिवसेना का समर्थन करना होगा और मुंबई को इन गद्दारों के हाथों में जाने से बचाना होगा। आगामी मनपा चुनावों को देखते हुए शिवसेना की ओर से मुलुंड स्थित कालिदास नाट्यगृह में कल एक संकल्प शिविर का आयोजन किया गया था।
मुंबई को बचाना जरूरी है!
मुलुंड स्थित कालिदास नाट्यगृह में कल शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की ओर से एक संकल्प शिविर का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने मुंबई के भविष्य को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि अगर मुंबई गद्दारों के हाथ में गई तो वह महाराष्ट्र से बंटेगी ही नहीं, बल्कि कटेगी भी और अडानी के कब्जे में चली जाएगी। उन्होंने शिवसैनिकों से आह्वान करते हुए कहा कि मुंबई को बचाना जरूरी है। यह सिर्फ चुनाव की लड़ाई नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की अस्मिता की लड़ाई है। मुंबई को मेयर न देकर भाजपा और उसके सहयोगी दल सिर्फ मुंबई को लूटना चाहते हैं। अगर हमने अब नहीं लड़ा, तो आने वाली पीढ़ियां हमें माफ नहीं करेंगी।
आदित्य ठाकरे ने कहा कि २०१४ में भाजपा ने अच्छे दिनों का सपना दिखाया था, लेकिन २०१९ में उन्होंने शिवसेना के साथ किया गया वादा तोड़ दिया। अगर उस वक्त शिवसेना उनके साथ न होती, तो वे ३०० सीटें पार नहीं कर सकते थे।
‘इंडिया’ गठबंधन ने उन्हें रोका
इस बार भाजपा सत्ता के नशे में थी और संविधान बदलने की योजना बना रही थी। लेकिन ‘इंडिया’ गठबंधन ने उन्हें रोक दिया और उनकी सीटों को २४० पर अटका दिया। शिवसेना ने विधान परिषद और सिनेट चुनावों में जीत दर्ज की और हम मनपा चुनाव में भी जीत दर्ज करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग बर्बाद
भाजपा के नेताओं ने स्वास्थ्य विभाग को बर्बाद कर दिया है। मुंबई की आर्थिक नाकेबंदी की जा रही है। बड़ी कंपनियों के हेडक्वार्टर गुजरात भेजे जा रहे हैं। ऊपर बैठे लोग सिर्फ गुजरात की चिंता कर रहे हैं।
मुंबई की दुर्दशा
आदित्य ठाकरे ने कहा कि मुंबई में सड़कें खोदी गई हैं, जगह-जगह गड्ढे हैं। २०२२ में मुंबई में ६,००० करोड़ रुपए के रोड टेंडर निकाले गए थे। लेकिन अब तक सिर्फ २६ प्रतिशत काम हुआ है। मनपा के अस्पताल, जो कभी कोविड के दौरान डब्ल्यूएचओ द्वारा सराहे गए थे, अब दयनीय स्थिति में हैं। दवाइयां नहीं हैं, एक्सरे मशीनें नहीं हैं।

अन्य समाचार